जीरकपुर। के-एरिया अब स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम के दायरे में आ गया है। यहां लगाए एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित ट्रैफिक सिग्नल ने आज से विधिवत काम करना शुरू कर दिया है। इससे हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 26 लाख रुपये की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट के तहत आठ प्रमुख पॉइंट्स पर स्मार्ट ट्रैफिक लाइट लगाई गई है। इनमें से दो सिग्नल एरिया मोड़ की ओर, एक कालका फ्लाईओवर के पास जीरकपुर से आने वाले वाहनों के लिए और एक बलटाना रोड की दिशा में स्थापित किया गया है। अन्य दो पॉइंट्स पर भी इसी तरह की व्यवस्था की गई है।
इससे चारों दिशाओं के ट्रैफिक को संतुलित किया जा सकेगा। एनएचएआई के जनरल मैनेजर इकबाल सिहं के अनुसार यह एआई सिस्टम कैमरों और सेंसरों की मदद से वाहनों की संख्या और उनकी गति पर लगातार नजर रखता है। जैसे ही किसी दिशा में ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, सिग्नल अपने आप ग्रीन टाइम बढ़ा देता है, जबकि कम ट्रैफिक होने पर समय घटा देता है। इसके अलावा एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देने की सुविधा भी इसमें शामिल है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। समाजसेवी सत्यवान ढांडा का कहना है कि इस मोड़ पर आए दिन लगने वाले जाम और हादसों से लोगों को भारी परेशानी होती थी, खासकर स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वालों को। अब नई व्यवस्था से न केवल यातायात सुचारु होगा, बल्कि समय और ईंधन की भी बचत होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस सिस्टम की नियमित मॉनिटरिंग और सही संचालन किया गया, तो यह मॉडल पूरे शहर में ट्रैफिक प्रबंधन के लिए मिसाल बन सकता है।