नयागांव। इलाके में एक 31 साल के व्यक्ति ने शुक्रवार की रात करीब 10 बजे अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विकास नगर में रहने वाले वरदान के रूप में हुई है और वह प्रॉपटी डीलर था। नयागांव थाना एसएचओ गुरमेहर सिंह ने बताया कि इसकी सूचना उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई से मिली थी। इस पर पुलिस पीजीआई पहुंची और वहां मृतक के उसके भाई परीक्षित ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10 बजे उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया कि नयागांव के गेट नंबर-2 के पास रामशरण आश्रम मंदिर के नजदीक वरदान की कार बहुत देर से खड़ी है। इस पर परीक्षित मौके पर पहुंचा और उसने देखा अंदर वरदान बेसुध था तो उसने कार का शीशा तोड़ा और अंदर देखा तो उसके सिर में गोली लगी थी और वह खून से लथपथ पड़ा हुआ था। वहीं, देशी कट्टा उसकी गोद में पड़ा हुआ था। वह उसे तुरंत चंडीगढ़ पीजीआई ले गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को परीक्षित ने बताया उसके भाई को प्रॉपर्टी डीलिंग के काम में कुछ समय से घाटा चल रहा था और करीब तीन साल पहले उसकी पत्नी का उसके साथ तलाक भी हुआ था। इस सब बातों से वह परेशान चल रहा था। पुलिस ने बताया वरदान ने गोली मारकर आत्महत्या क्यों की है इसका कारण अभी पता नहीं चला है, मामले में जांच चल रही है। पुलिस ने शनिवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है। परिवार वालों का कहना है कि उनको किसी पर कोई शक नहीं है।