मोहाली। ऑस्ट्रेलिया का वर्क परमिट और वीजा लगवाने का झांसा देकर गुरदासपुर निवासी एक व्यक्ति से 5.91 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। जांच के बाद मोहाली पुलिस ने सेक्टर-67 स्थित एक इमिग्रेशन कंपनी के संचालक और अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब कंपनी की ओर से दी गई फ्लाइट टिकट एयरलाइन रिकॉर्ड में फर्जी निकली और उसके नाम पर कोई ऑस्ट्रेलियाई वीजा जारी नहीं पाया गया।
पीड़ित साहिब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2025 में उसने फेसबुक पर ऑस्ट्रेलिया वर्क परमिट का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के जरिए उसकी संपर्क मोहाली स्थित इमिग्रेशन कंपनी से हुआ। कंपनी के मैनेजर ने उसे गारंटी के साथ ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उससे पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज व्हाट्सएप के माध्यम से मंगवाए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार 21 मई 2025 को उसे कंपनी के दफ्तर बुलाया गया, जहां उससे 91 हजार रुपये का चेक लिया गया। बदले में कंपनी की ओर से लेटरपैड पर लिखित गारंटी दी गई कि यदि वीजा नहीं लगा तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उसे बताया कि उसका वीजा मंजूर हो गया है। आरोपियों ने मोबाइल एप पर ई-वीजा दिखाकर उससे पांच लाख रुपये का चेक ले लिया।