प्रीत पैलेस को जाने वाले बस स्टैंड पुल पर शनिवार की दोपहर डिपो की एक तेज रफ्तार बस और एक्टिवा की टक्कर में स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रीतपाल सिंह (55) पक्खोवाल रोड की सरगोदा कालोनी निवासी के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना डिवीजन पांच और चौकी बस स्टैंड की पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चौकी बस स्टैंड के इंचार्ज एएसआई कुलविंदर सिंह ने बताया कि प्रीतपाल सिंह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर ध्यान सिंह कांप्लेक्स की तरफ से पुल के रास्ते प्रीत पैलेस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस स्टैंड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे वह सिंह नीचे गिर गए और आरोपी ने बस रोकने की बजाए उनके ऊपर से निकाल दी। वहां से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया और बस रुकवाई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर रुप से घायल प्रितपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया। हादसे के बाद पुल पर काफी जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और बस को कब्जे में ले लिया। एएसआई कुलविंदर ने कहा कि ड्राइवर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।