लगातार मूसलाधार बारिश से बठिंडा शहर में कई फुट पानी भरा, लोगों ने किश्ती चला जताया विरोध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बठिंडा में लगातार तीसरे दिन हुई मूसलाधार बरसात के कारण मंगलवार को पूरा शहर जलभराव से आफत में आ गया। शहर के प्रमुख एरिया हाजी रत्न, सिविल लाइन, पावर हाउस रोड, मिनी सचिवालय रोड समेत परसराम नगर, प्रताप नगर इलाके में चार से पांच फुट तक पानी जमा हो गया। इसके विरोध में शहरवासियों ने पानी में किश्ती चलाकर अपना विरोध जताया। निगम की ओर से बारिश के पानी की निकासी के लिए खोला गया ड्रेन भी लोगों को राहत नहीं दिला पाया।
मौसम विभाग के अधिकारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को 104.0 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे न्यूनतम तापमान 21.0 और अधिकतम तापमान 26.5 दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और बारिश होने की संभावना है। एसएसपी और डीसी के निवास स्थान समेत मिनी सचिवालय में चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। दोनों प्रमुख अधिकारियों के निवास स्थान समेत मिनी सचिवालय के आसपास चार से पांच फुट तक पानी जमा हो गया।
परसराम नगर में पानी जमा हो जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने निगम एवं जिला प्रशासन समेत सरकार के खिलाफ किश्ती चलाकर अपना विरोध जताया। पूर्व शिअद पार्षद हरविंदर शर्मा का कहना है कि कांग्रेस ने चुनाव के समय वादा किया था कि पानी की समस्या को सरकार बनने के तुरंत बाद पहले वर्ष में ही हल कर दिया जाएगा लेकिन समस्या पहले से भी बदतर हो गई।
दूसरी तरफ नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह का कहना है कि शहर से पानी को बाहर निकालने के लिए संजय नगर वाला ड्रेन खोला गया है। उक्त ड्रेन रेलवे की ओर से लाइन बिछाए जाने के कारण पिछले कुछ समय से बंद था। मंगलवार को उसे खोल दिया गया।
बारिश के साथ आई तेज आंधी में उखड़ा पेड़
मंगलवार सुबह आई तेज बारिश के साथ आंधी ने प्रेस क्लब में लगे पेड़ को जड़ से उखाड़ दिया। हालांकि जब पेड़ गिरा तब क्लब में कोई नहीं था। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
बारिश से गिरी छत, मलबे में दबकर दो लोग घायल
शहर के सिरकी बाजार में बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई। मलबे की चपेट में आने से दो व्यक्ति गंभीर घायल हो गए। दोनों घायलों को समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। डबवाली रोड पर सोमवार देर रात बारिश के कारण सड़क टूटने से एक ट्रक पलट गया और दूसरी तरफ से आने वाला ट्रक पेड़ से टकरा गया। दोनों ट्रकों के चालकों को मामूली चोटें आई।