Jalandhar News: परिवहन मंत्री ने औचक निरीक्षण कर 30 बसें जांचीं, पांच जब्त, कई पर लगा जुर्माना
बसों की चेकिंग के दौरान परिवहन मंत्री ने सवारियों से बातचीत की और पूछा कि किसी प्रकार की दिक्कत है तो वह बता सकते हैं, बस चालक किस तरह से व्यवहार करते हैं वह भी बताएं तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस तरह बिना कागजों के पकड़ी गई बस को जब्त कर लिया है।
विस्तार
बस संचालकों की लगातार मिल रहीं शिकायतों पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने सोमवार सुबह 7:30 बजे क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण सचिव के कार्यालय में औचक निरीक्षण किया। वहां अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति जांचने के बाद बसों के औचक निरीक्षण के लिए आरटीओ बलजिंदर सिंह के साथ सड़क पर निकले। शहर के रामा मंडी चौक और करतारपुर में करीब 30 बसों के कागज भी चेक किए। इनमें से पांच बसों को जब्त किया गया है।
मंत्री ने सवारियों से बातचीत कर बस चालकों का फीडबैक लिया। निरीक्षण के बाद पिछली सरकारों पर सवाल उठाते हुए परिवहन मंत्री भुल्लर ने कहा कि यहां एक ऐसी बस है जिसका एक भी कागज नहीं है और यही ट्रांसपोर्ट माफिया है जिसे पिछली सरकारों ने बनाया है। पिछली सरकारों में अपने ही लोगों को परमिट दे दिए गए उसका खामियाजा सरकार और लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
बसों की चेकिंग के दौरान मंत्री ने सवारियों से बातचीत की और पूछा कि किसी प्रकार की दिक्कत है तो वह बता सकते हैं। बस चालक किस तरह से व्यवहार करते हैं वह भी बताएं तुरंत कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान बिना कागजों के पकड़ी गई पांच बसों को जब्त कर लिया और बाकी को जुर्माना कर छोड़ दिया। बसों की जांच के बाद मंत्री भुल्लर आरटीओ ऑफिस पहुंच गए। जहां कई तरह की शिकायतें मिली थी। मंत्री ने कई फाइलों को चेक करने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को हिदायत दी है कि अगर किसी तरह की शिकायतें मिलीं तो तुरंत कार्रवाई होगी।