लेक्चरर नेहा हत्याकांड: बेबी-शोना की 206 पन्नों की चैट में छुपा राज, खतरनाक थे उमंग और सतपाल के इरादे
जालंधर के सेंट सोल्जर कॉलेज की लेक्चरर नेहा बस्सी की संदिग्ध मौत का मामला गरमाता जा रहा है। मृतका के पति, सास और पति की प्रेमिका को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
विस्तार
जालंधर के करतारपुर में लेक्चरर नेहा की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस 1 सितंबर तक दोनों से पूछताछ करेगी।
पुलिस ने अदालत से 5 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट ने 4 दिन की मंजूरी दी। नेहा के परिवार की ओर से पेश वकील अनूप गौतम ने बताया कि अदालत में नेहा को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और हार्पिक पिलाने से जुड़े आरोप रखे गए। परिवार का कहना है कि नेहा पहले भी ससुराल पक्ष की प्रताड़ना का सामना कर रही थी, जिसके दस्तावेज अदालत में पेश किए जाएंगे।
परिवार की ओर से बताया गया कि मामले में उमंग बस्सी और सतपाल कौर के बीच संबंधों के सबूत मिलने का दावा किया गया है। सतपाल कौर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। नेहा के भाई अमरिश अमन ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को इंसाफ मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। परिवार ने पुलिस और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार का भी धन्यवाद किया और कहा कि आरोपियों को उज्जैन से गिरफ्तार करना जांच में अहम कदम है।
उमंग और सतपाल की चैट में कई राज
लेक्चरर नेहा बस्सी हत्याकांड की जांच में पुलिस को आरोपी उमंग बस्सी और उसकी कथित प्रेमिका सतपाल कौर के बीच करीब 206 पन्नों की व्हाट्सएप चैट मिली है।
चैट में कथित प्रेम संबंध, गुप्त मुलाकातों, शादी और भविष्य में साथ रहने की योजनाओं से जुड़ी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। चैट के एक हिस्से में सतपाल कौर के पति विशाल शर्मा को रास्ते से हटाने को लेकर बातचीत का भी आरोप है। हालांकि चैट की प्रामाणिकता और हत्याकांड से इसके संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
चैट में दोनों एक-दूसरे को बेबी, शोना और बुग्गू जैसे नामों से संबोधित करते दिखते हैं। प्यार जताने और जल्द साथ रहने की इच्छा से जुड़े कई संदेश होने का दावा है। सतपाल ने उमंग का नंबर तानवी और एए जबकि उमंग ने सतपाल का नंबर सतलाप नाम से सेव किया था। सतपाल फिलहाल पुलिस हिरासत में है।
15 जनवरी की बातचीत पर पुलिस की नजर
15 जनवरी की बातचीत को अहम माना जा रहा है। आरोप है कि उमंग ने सतपाल से कहा कि वह पहले अपने पति को मरवाने की बात करती थी। इस पर सतपाल ने कथित तौर पर कहा, “उमंग, यू नो एवरीथिंग।” इसके बाद दोनों में बहस और चुप रहने को लेकर बातचीत हुई। पुलिस यह पता लगा रही है कि इस बातचीत का वास्तविक संदर्भ क्या था और इसका हत्याकांड से कोई संबंध है या नहीं।
16 और 17 जनवरी की चैट में दोनों के बीच प्रेम और मुलाकातों से जुड़ी बातचीत होने का दावा है। 24 और 25 जनवरी को शादी करने और परिवार-बच्चों के भविष्य पर चर्चा की बात सामने आई है। एक संदेश में सतपाल की ओर से कथित तौर पर ‘लेट्स गेट मैरिड’ लिखा गया। साथ ही मौजूदा रिश्तों से अलग होकर साथ रहने की योजना पर बातचीत का भी दावा है।
विशाल शर्मा का आरोप है कि चैट के अधिकांश हिस्से में दोनों के अलग होकर साथ रहने की बातें हैं। पुलिस अब चैट में दर्ज दावों और दोनों आरोपियों की भूमिका की अन्य साक्ष्यों से जांच कर रही है।