मान की ताजपोशी: मंच से कुछ भी न बोलकर केजरीवाल ने दिया बड़ा संदेश, पंजाबियों को ही सौंपा पंजाब
दिल्ली से आने वाले विधायक व अधिकारियों के लिए पंडाल में ही एक अलग से गैलरी बनाई गई थी, जिसमें उनको बैठाया गया था। लाखों लोग पंडाल में मौजूद थे लेकिन चुनिंदा लोगों को ही पता था कि केजरीवाल एक अलग स्टेज पर अपने साथियों के साथ बैठे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आप नेता भगवंत मान के शपथ समारोह में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल जनता के बीच यह संदेश देने में कामयाब रहे कि पंजाब पंजाबियों का है और पंजाबी ही उसे आगे बढ़ाएंगे। समारोह के दौरान केजरीवाल ने मंच से कोई भाषण नहीं दिया। भगवंत मान के शपथ लेने तक मंच से उनका नाम तक नहीं लिया गया।
इस बीच लोगों को लगा कि शायद केजरीवाल नहीं आए। शपथ लेने के बाद जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को बताया कि उनके बाई ओर बने मंच पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और दिल्ली की पूरी कैबिनेट बैठी है, तब जाकर लोगों को पता चला कि केजरीवाल भी मंच पर बैठे हैं।
आमतौर पर जब केजरीवाल आते हैं तो समारोह का पूरा आकर्षण उनकी तरफ चला जाता है लेकिन बुधवार को उन्होंने सिर्फ मान को आगे रखा। जनता को एक संदेश देने की कोशिश की है कि पंजाब की कमान मान के पास रहेगी। समारोह में तीन स्टेज तैयार थे, जिसमें एक स्टेज पर आप के 91 विधायक, मुख्य स्टेज पर भगवंत मान व राज्यपाल मौजूद थे, जबकि तीसरे स्टेज पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री मौजूद थे।
केजरीवाल ने पंजाब सरकार के प्रॉटोकॉल को फॉलो करते हुए समारोह में जुटे लाखों लोगों को संबोधित नहीं किया और न ही भगवंत मान के साथ स्टेज साझा की। सूत्रों के मुताबिक केजरीवाल ने साफ मना कर दिया था कि यह पंजाब सरकार का कार्यक्रम है और इसमें वह एक अतिथि के रूप में शामिल होकर इसका हिस्सा बनेंगे और भगवंत मान ही इसका मुख्य चेहरा होंगे।
शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने अपने भाषण में आखिर में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की तारीफ की, इतना ही नहीं उन्होंने लोगों से केजरीवाल के लिए ताली भी बजवाई। भगवंत मान ने कहा कि मैं केजरीवाल का विशेष धन्यवाद करूंगा, जिन्होंने 20-20 दिन भूख हड़ताल की। आंदोलन किया, पार्टी बनाई, पूरे देश की राजनीति में सुधार किया, मैं चाहता हूं कि सभी लोग एक बार तालियां बजाएं। इसके बाद लोगों ने ताली बजाई।
दिल्ली के विधायकों के लिए अलग गैलरी
दिल्ली से आने वाले विधायक व अधिकारियों के लिए पंडाल में ही एक अलग से गैलरी बनाई गई थी, जिसमें उनको बैठाया गया था। लाखों लोग पंडाल में मौजूद थे लेकिन चुनिंदा लोगों को ही पता था कि केजरीवाल एक अलग स्टेज पर अपने साथियों के साथ बैठे हैं। बताते हैं कि केजरीवाल से आग्रह किया गया लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया कि यह पंजाब सरकार का समारोह है और भगवंत मान सरकार के सीएम हैं, इसलिए वह प्रोटोकॉल को फॉलो करेंगे, इसे भंग नहीं करेंगे।