Jalandhar Blast: तीन दिन शहर में था आरोपी, पुलिस-इंटेलिजेंस को भनक तक नहीं लगी... अब NIA जांच की उठी मांग
पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के घर पर सोमवार देर रात आतंकी हमला हो गया था। पूर्व मंत्री के घर में धमाके से काफी नुकसान हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में लगातार ग्रेनेड हमले हो रहे हैं। पहले पुलिस थाने और चौकियां टारगेट की जा रही थी लेकिन अब नेताओं को निशाना बनाया जाने लगा है। इससे पंजाब की खुफिया एजेंसियों पर सवाल उठने लगे हैं।
पंजाब में ग्रेनेड आ भी गए और इस्तेमाल भी हो गए लेकिन पुलिस व खुफिया एजेंसियों को भनक तक नहीं लगी। हालात यह है कि पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया की कोठी पर आतंकी हमला करने वाला मुख्यारोपी तीन दिन जालंधर में रहा और इस दौरान उसने रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड का पूरा खाका तैयार किया। तीन दिन तक कालिया के घर आने जाने के रास्ते का रूट भी तैयार किया लेकिन स्थानीय पुलिस व खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
यह भी पढ़ें: जालंधर में मंदिर में उत्पात: उपद्रवियों ने शनिदेव की मूर्ति खंडित की, रोकने आए पुजारी से की मारपीट
ग्रेनेड हमला करने वाले मुख्यारोपी के जालंधर में तीन दिन रुकने और घूमने का खुलासा होने के बाद पुलिस व खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए हैं। लिहाजा, जमीनी स्तर पर होमवर्क किया जाने लगा है कि मुख्यारोपी किस स्थान पर रुका था। किन लोगों से मिला था? खुफिया एजेंसियों ने दोबारा नए सिरे से होमवर्क शुरू कर दिया है।
निजी हमलों के लिए ग्रेनेड का इस्तेमाल
चिंताजनक बात है कि पंजाब में ग्रेनेड पाकिस्तान से आ रहे हैं और युवाओं को पैसे का लालच देकर उनका इस्तेमाल किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से अब निजी हमले होने लगे हैं।
- 14 फरवरी को गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में एक पुलिस अधिकारी के आवास को निशाना बनाकर कम तीव्रता वाला विस्फोट किया गया।
- 17 फरवरी को गुरदासपुर के रायमल में एक अन्य पुलिसकर्मी के आवास पर इसी तरह का ग्रेनेड हमला हुआ।
- 15 मार्च को अमृतसर के खंडवाला इलाके में ठाकुरद्वारा मंदिर के बाहर विस्फोट हुआ।
- 16 मार्च को जालंधर के यूट्यूबर रोजर संधू के आवास पर ग्रेनेड फेंका गया।
- एक अप्रैल को पटियाला के बादशाहपुर पुलिस चौकी के बाहर ग्रेनेड विस्फोट हुआ।
पुलिस सिर्फ मामलों को ट्रेस करने तक सीमित
पंजाब में जीशान अख्तर व पाकिस्तान में बैठा शहजाद भट्टी सूबे में अपना नेटवर्क बना रहे हैं लेकिन खुफिया एजेंसियों व पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग रही है। पुलिस सिर्फ मामलों को ट्रेस करने तक सीमित है और अपनी चौकियों की सुरक्षा बढ़ाने तक। चिंंता इस बात को लेकर है कि यूपी से आतंकी आकर पंजाब में डेरा डालकर किन किन स्थानों पर घूमकर गया है। अब पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सभी सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने व सर्च आप्रेशन करने की हिदायत जारी की है।
आईबी-एनआईए की टीम भी हुई सक्रिय
कालिया पर हमले का मामला केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तक भी पहुंचा हैं, जिसके बाद पंजाब में आईबी व एनआईए की टीम भी सक्रिय हो गयी है। मंगलवार को एनआईए की टीम के अधिकारी जालंधर पहुंचे और उनहोंने यूपी में अपनी टीम के अधिकारियों से कनेक्शन कर आरोपियों की धरपकड़ का खाका तैयार किया।
मनोरंजन कालिया के घर पहुंचे मजीठिया ने घेरी आप सरकार
भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर हुए ग्रेनेड हमले पर विपक्षी नेता आप सरकार पर हमलावर हो गए हैं। कालिया के घर विपक्षी नेताओं का भी तांता लग गया है। सभी आप सरकार को इस हमले का दोषी मान इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
भाजपा से अपना नाता तोड़ चुके शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया भी बुधवार को मनोरंजन कालिया के घर पर पहुंचे। इस दौरान जहां उन्होंने प्रशासन पर सवाल खड़े किए, वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि अभी बड़े आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है। उन्होंने कहा इस मामले में जब तक एनआईए जांच नहीं करती, उतनी देर तक मामले की सच्चाई सामने नहीं आएगी।
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद कोई यह न समझे कि यह घटना आखिरी घटना है। मजीठिया ने कहा कि पंजाब पुलिस को खुद के इंटेलीजेंस के अधिकारियों तक पर भरोसा नहीं है। पंजाब में इंटेलीजेंस ऑफिस पर रॉकेट लांचर से हमला हो गया तो सोचो यह पंजाब की सुरक्षा क्या करेंगे? पंजाब में कुल 17 ग्रेनेड हमले हो चुके हैं, मगर पंजाब के मुख्यमंत्री व मंत्री कहते हैं कि सब कुछ ठीक चल रहा है। अगर मनोरंजन कालिया जैसे व्यक्ति सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों का क्या होगा।
पंजाब पुलिस सिर्फ लोगों को गुमराह कर रही है। देख लीजिएगा, जल्द ही पुलिस कमिश्नर का तबादला भी कर दिया जाएगा। मामले में जब तक एनआईए जांच नहीं करती, उतनी देर तक मामले की सच्चाई सामने नहीं आएगी। मजीठिया ने शहजाद भट्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका तो पाकिस्तान में इतना काम नहीं चल रहा, जितना वह यहां पर अपना नाम चलाने की कोशिश कर रहा है।