नशे पर वार: जालंधर देहात पुलिस के 300 कर्मियों ने घेरा भोगपुर का गांव किंगरा, पांच संदिग्ध पकड़े, 15 ग्राम हेरोइन बरामद
जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी स्वप्न शर्मा ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ लगातार एक्शन जारी रहेगा। बड़े अधिकारियों के सख्त निर्देशों और गांव से मिल रही शिकायतों के आधार पर इस गांव में रेड की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नशे के लिए बदनाम गांवों पर देहात पुलिस की कार्रवाई से स्मगलरों की नींद उड़ी हुई है। शनिवार को दिन चढ़ते ही जालंधर देहात पुलिस ने एसएसपी स्वप्न शर्मा के मार्गदर्शन में भोगपुर के गांव किंगरा चो वाला के घरों में रेड कर दी। नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान 300 पुलिस कर्मियों ने पूरे गांव को घेर लिया और चिन्हित किए घरों में किचन से लेकर बाथरूम तक खंगाल डाले लेकिन कुछ खास हाथ नहीं लगा।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महिला सहित पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर 15 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने गांव के हर गली-नुक्कड़ पर नाका लगाकर आने-जाने वालों से पूछताछ की और तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान गांव में दूध-सब्जी सप्लाई करने वालों को घुसने नहीं दिया गया।
जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी स्वप्न शर्मा ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ लगातार एक्शन जारी रहेगा। बड़े अधिकारियों के सख्त निर्देशों और गांव से मिल रही शिकायतों के आधार पर इस गांव में रेड की गई। गांव के जिन घरों में पुलिस ने रेड की वहां से नशा सामग्री बरामद की गई है। इससे पहले एसएसपी ने नशे के लिए बदनाम फिल्लौर के गांव गन्ना में रेड की थी जहां कई लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नशा बरामद किया था।
ग्रामीणों का दर्द-नशे ने ब्लैक लिस्ट कर दिया
वहीं पुलिस की कार्रवाई के बाद गांव वासियों का दर्द छलक आया। आंखों में आंसू भरकर ग्रामीणों ने कहा कि नशे के सौदागरों ने हमें ब्लैक लिस्ट करवा दिया, अब तो हमारी बेटियों की शादियां तक नहीं हो पा रही। पुलिस जब भी रेड करती है तब नशे के सौदागर यहां से फरार हो जाते हैं। पुलिस द्वारा राउंडअप की गई महिला ने कहा कि उसका पति नशे का आदी था और नशा करता था लेकिन उसके घर से अभी कुछ बरामद नहीं हुआ शक के आधार पर पुलिस वाले उसे साथ लेकर जा रहे हैं। जिस घर से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उस घर की महिला फरार हो गई तो पुलिस ने उसकी बेटी को गिरफ्तार कर लिया। लोगों ने कहा कि पुलिस की शह पर ही गांवों में नशा पहुंच रहा है और फिर आगे सप्लाई होता है, तो गुनहगार पुलिस भी है फिर कार्रवाई एकतरफा क्यों।
स्पेशल ऑपरेशन की समीक्षा के लिए जालंधर पहुंचे एडीजीपी अर्पित शुक्ला
स्पेशल ऑपरेशन के लिए नियुक्त किए गए एडीजीपी अर्पित शुक्ला जालंधर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर गुरशरण सिंह संधू और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन जसकिरण जीत सिंह तेजा की ओर से जालंधर वेस्ट में नशे के खिलाफ चलाए गए सर्च अभियान की समीक्षा की। एडीजीपी अर्पित शुक्ला को जालंधर में 9 बजे से 3 बजे तक अलग-अलग ऑपरेशंस की समीक्षा करने के लिए भेजा गया था। एडीजीपी के आह्वान पर जालंधर वेस्ट के बस्तीयात एरिया में घरों में तलाशी ली, इसमें एसीपी और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों ने अलग अलग टीम बनाकर घरों में दबिश दी।