Hoshiarpur: हरियाना थाने में तैनात एएसआई ने गोली मारकर की आत्महत्या, SHO टांडा पर जलील करने का आरोप
एएसआई ने खुदकुशी से पहले अपना वीडियो बनाया और उसमें टांडा के एसएचओ पर गालियां देने और जलील करने के आरोप लगाए।
विस्तार
होशियारपुर के हरियाना थाने में तैनात एएसआई सतीश कुमार ने शनिवार को थाने के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले सतीश ने एक वीडियो बनाई और सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार थाना टांडा प्रभारी ओंकार सिंह बराड़ को ठहराया है। एसएसपी ने आरोपी एसएचओ को लाइन हाजिर कर मामले की जांच एसपी इन्वेस्टीगेशन को सौंप दी है।
खुदकुशी से पहले सतीश ने वीडियो में आरोप लगाया कि 8 सितंबर को रात दो बजे इंस्पेक्टर ओंकार सिंह बराड़ थाने पहुंचे और कई सवाल पूछे। कुछ ऐसे भी सवाल थे, जिनका उनसे कोई संबंध नहीं था। इस दौरान बराड़ ने अपशब्द बोले और जलील भी किया। उसके बाद सतीश ने खुद को गोली मार ली। सतीश के परिजनों ने पुलिस के आला अधिकारियों से आरोपी थाना टांडा प्रभारी ओंकार सिंह बराड़ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
क्या कहना है थाना टांडा प्रभारी का
इस संबंध में थाना टांडा प्रभारी ओंकार सिंह बराड़ का कहना है कि वह रात को अपनी ड्यूटी के अनुसार चेकिंग के लिए थाना हरियाना गए थे। इस दौरान सतीश गैरहाजिर मिले। कुछ देर बाद जब सतीश थाने आए और उनसे जो भी बातचीत हुई, उसकी डीडीआर थाने में दर्ज कर दी थी। जलील या बदसलूकी जैसी कोई बात नहीं थी।
एसएचओ टांडा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच एसपी इन्वेस्टीगेशन को सौंप दी है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। - सरताज सिंह चाल, एसएसपी होशियारपुर