बठिंडा: पुलिस को देख गैंगस्टर ने खुद को मारी गोली, फिर ट्रैक्टर लेकर भागा, वीडियो में पुलिस पर लगाया आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार गैंगस्टर मनजिंदर सिंह सेखों पर लूटपाट एवं डकैती के अलावा अन्य आपराधिक गतिविधियों के 10 केस दर्ज हैं। इनमें से कुछ केसों में आरोपी जमानत पर आया हुआ था और कुछ केसों में भगौड़ा करार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीआईए स्टाफ जैतो की पुलिस बठिंडा में सी कैटेगरी के गैंगस्टर को गिरफ्तार करने गांव जस्सी बागवाली में पहुंची। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर पर सवार गैंगस्टर मनजिंदर सिंह उर्फ काला सेखों निवासी फरीदकोट ने अपनी पिस्टल से हवाई फायरिंग करने के बाद खुद को जांघ पर गोली मार ली। इस दौरान गैंगस्टर ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर आरोप लगाया कि उसकी जांघ पर जो गोली लगी, वो पुलिस ने मारी है।
गोली लगने के बावजूद गैंगस्टर ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने रिश्तेदार के घर जा पहुंचा। पीछा कर रही पुलिस ने गंभीर हालत में गैंगस्टर को गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल बठिंडा में दाखिल करवाया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी भूपिंदरजीत सिंह विर्क पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस की दो टीमें पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
दस से अधिक आपराधिक केसों में नामजद सी कैटेगरी का गैंगस्टर मनजिंदर सिंह उर्फ काला सेखों हथियारों की तस्करी के आरोप में फरीदकोट पुलिस का वांछित था। फरीदकोट के जैतो की सीआईए स्टाफ पुलिस लगातार उसे ढूंढ रही थी। इसी दौरान जैतो सीआईए स्टाफ पुलिस को सूचना मिली कि गैंगस्टर सेखों अपनी मौसी के घर गांव जस्सी बागवाली जिला बठिंडा में छिपा हुआ है और अपनी मौसी के खेतों में काम करता है।
सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ जैतो की पुलिस टीम इंस्पेक्टर दलवीर सिंह की अगुवाई में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे गांव जस्सी बागवाली में स्थित खेतों में ट्रैक्टर चला रहे गैंगस्टर सेखों को गिरफ्तार करने पहुंची। इस पर गैंगस्टर ने ट्रैक्टर पर बैठे-बैठे अपनी पिस्टल से पहले हवाई फायर किए और फिर अपनी जांघ पर गोली मार ली।
इंस्पेक्टर दलवीर सिंह के अनुसार आरोपी ने खुद पर गोली चलाने के बाद अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया और खुद ही बोलने लगा कि उस पर पुलिस ने गोली चलाई है। जबकि पुलिस ने कोई फायर तक नहीं किया। पुलिस को नजदीक आता देख घायल गैंगस्टर ट्रैक्टर को तेजी के साथ भगाकर अपनी मौसी के घर जा पहुंचा। पीछा करते हुए पुलिस ने आरोपी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां पर डॉ. विजय मित्तल की ओर से आरोपी का उपचार किया जा रहा है।
सिविल अस्पताल में पहुंचे एसएसपी भूपिंदरजीत सिंह विर्क ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे खुद पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस को देखते ही खुद पर गोली चलाई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपना पिस्टल भागते समय खेतों में फेंक दिया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि सीआईए स्टाफ जैतो के इंस्पेक्टर दलवीर सिंह के बयान पर आरोपी गैंगस्टर सेखों एवं उसे पनाह देने वाले उनके रिश्तेदारों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
गैंगस्टर सेखों का वीडियो वायरल, खुद को बचाने की लगाई गुहार
गैंगस्टर सेखों ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गैंगस्टर मनजिंदर सिंह उर्फ काला सेखों बोल रहा है कि कुछ लोग सिविल कपड़े पहने कार में सवार होकर आए है और वे उस पर लगातार फायर कर रहे है। वीडियो में सेखों लोगों से गुहार लगा रहा कि कोई तो उसे बचा लें और एसएसपी बठिंडा को फोन कर सूचित करें और बात मुख्यमंत्री कैप्टन तक पहुंचाए।
सेखों ने ट्रैक्टर चलाते हुए अपने मोबाइल से बनाई वीडियो में आरोप लगाया कि कार सवार सिविल कपड़े पहने लोगों ने उस पर फायरिंग की और एक फायर उसकी जांघ में लगी है। सेखों बार-बार लोगों से अपील कर रहा कि उसे बचाया जाए। वायरल वीडियो को सेखों ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया। वहीं इस पूरे मामले को लेकर एसएसपी भूपिंदरजीत सिंह विर्क का कहना है कि वह घटना के बाद खुद मौके पर पहुंचे थे। सेखों को जो गोली लगी है उसने खुद अपनी जांघ पर मारी है और जिस पिस्टल से उसने जांघ पर गोली मारी है, उसे उसने जाते समय फेंक दिया है। पुलिस उस पिस्टल की तलाश कर रही है।