Bathinda: सीएम मान ने किया 30 नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन, विरोधियों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हमारी सरकार पंजाबियों को उनके घर के भीतर ही स्वास्थ्य के लिहाज से हर सुविधा मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध है... हमारा उद्देश्य है कि कोई भी पंजाबी इलाज से वंचित न रहे... पंजाब को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ स्वस्थ राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य की अमन-शांति, तरक्की और खुशहाली की दुश्मन ताकतें उनके खिलाफ बेबुनियाद अफवाहें फैला रही हैं ताकि राज्य के विकास को बाधित किया जा सके। सोमवार को राज्य के 30 आम आदमी क्लीनिकों का समर्पण करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोगों की भलाई और राज्य के विकास के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक नेताओं को यह पच नहीं रहा है। इसी वजह से वे बार-बार उनके खिलाफ जहर उगल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परंपरागत पार्टियां मुझसे ईर्ष्या करती हैं क्योंकि मैं एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता हूं। ये नेता सत्ता में बने रहने को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते थे, इसलिए इन्हें यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है कि आम आदमी सरकार इतनी बेहतर ढंग से कैसे चला रहा है। इन राजनीतिज्ञों ने लंबे समय तक लोगों को मूर्ख बनाया, लेकिन अब लोग इनके गुमराह करने वाले प्रचार में नहीं आएंगे।
पारदर्शी तरीके से 44 हजार से अधिक युवाओं को दी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पारदर्शी तरीके से 44,000 से अधिक युवाओं को नौकरियां दी हैं, जिससे विदेश गए युवा नौकरी के लिए वापस आ रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस बार राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों के दाखिलों में भारी वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 1080 करोड़ रुपए की लागत से निजी कंपनी जीवीके पावर के स्वामित्व वाले गोइंदवाल पावर प्लांट को खरीदकर सफलता की एक नई कहानी लिखी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब को आवंटित पचवाड़ा कोयला खदान से कोयले का उपयोग केवल सरकारी पावर प्लांट्स के लिए ही किया जा सकता है। इसलिए, इस पावर प्लांट की खरीद के साथ, इस कोयले का उपयोग राज्य के हर क्षेत्र में बिजली उत्पादन के लिए किया जा सकेगा।