Operation Sindoor: राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल को मिली जिम्मेदारी, आतंकवाद के खिलाफ मिशन पर जाएंगे
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने अब दुनिया में पाकिस्तान को बेनकाब करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए सरकार दुनिया के अलग अलग देशों में अपना प्रतिनिधिमंडल भेज रही है। सांसदों के सात प्रतिनिधिमंडल दुनियाभर के देशों में जाकर आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का पक्ष रखेंगे और पाकिस्तान का पर्दाफाश करेंगे।
विस्तार
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति को दुनिया भर तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने अपनी कमर कस ली है। आतंकवाद से निपटने के भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने और पाकिस्तान के नापाक चेहरे को उजागर करने के लिए भारत दुनियाभर में सात प्रतिनिधिमंडल भेज रहा है। इन प्रतिनिधिमंडलों में 51 राजनीतिक नेता, सांसद और पूर्व मंत्री शामिल किए गए हैं।
इनमें पंजाब से आप राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल का नाम भी है। अशोक मित्तल जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक और कुलाधिपति भी हैं। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं केंद्र सरकार का धन्यवाद करता हूं कि मुझे इस मिशन का हिस्सा बनाया गया। सात प्रतिनिधिमंडल दुनियाभर में जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य है एक मिशन, एक संदेश और एक राष्ट्र। हम दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि भारत हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ है और इस लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
#WATCH | Jalandhar, Punjab: On being chosen as a member of one of the 7 delegations visiting key partner countries to promote India's continued fight against cross-border terrorism and #OperationSindoor, Rajya Sabha MP Ashok Kumar Mittal says, " I want to thank central govt for… pic.twitter.com/B933JSESdp
— ANI (@ANI) May 18, 2025
यह प्रतिनिधिमंडल भारत के प्रमुख साझेदार देशों की यात्रा करेगा, जहां यह बताया जाएगा कि भारत वैश्विक शांति, सुरक्षा और आतंकवाद के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग उन चार सांसदों में शामिल हैं, जिन्हें पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर भारत का रुख स्पष्ट करने के लिए विदेश भेजा जाएगा। केंद्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए कूटनीतिक अभियान तेज कर दिया है। इसके लिए विभिन्न दलों के सांसदों को देश की स्थिति स्पष्ट करने के लिए विभिन्न देशों में भेजने का फैसला किया है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मांगे थे चार नाम
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता से बात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से आतंकवाद पर भारत का रुख स्पष्ट करने के लिए कांग्रेस से विदेश भेजे जाने वाले प्रतिनिधिमंडलों के लिए 4 सांसदों के नाम मांगे गए थे।
राहुल गांधी का जताया आभार
उन्होंने कहा कि इसके लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता ने पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री आनंद शर्मा, लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई, सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का नाम भेजा है। वड़िंग ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने ऐसे गंभीर और संवेदनशील मामले पर विदेश में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन पर भरोसा जताया है।