पानी में डूबी ट्राईसिटी: चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में हालात खराब, नाले में बहा एक शख्स
मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में अगले पांच दिनों तक गरज के साथ बारिश की संभावना है। लोगों के फोन पर भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
जेडब्ल्यू मैरियट होटल के बाहर भरा पानी
वहीं, चंडीगढ़ के शहर के जेडब्ल्यू मैरियट होटल के आसपास की सड़कों पर पानी भर गया। होटल के सामने और आसपास की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई गाड़ियां पानी में फंस गईं और यातायात धीमा पड़ गया। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्राईसिटी में सुबह हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की शिकायतें आई हैं। नगर निगम की टीमें पानी निकालने और सड़कों को साफ करने का काम कर रही हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले इलाकों से गुजरते समय सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में अगले पांच दिनों तक गरज के साथ बारिश की संभावना है।
पंचकूला में नाले में बहा शख्स
पंचकूला की राजीव कॉलोनी में मंगलवार शाम तेज बारिश के दौरान बरसाती नाले में दो व्यक्ति पानी के तेज बहाव में डूब गए। इनमें से एक व्यक्ति किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि दूसरा पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी। पानी में बहने वाले व्यक्ति की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी राजेश के रूप में हुई है। उसके साथ मौजूद रणधीर ने पुलिस को बताया कि दोनों राजीव कॉलोनी में बने बरसाती नाले के पास खड़े थे। इसी दौरान राजेश का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरा। उसे बचाने के लिए रणधीर भी पानी में उतरा, लेकिन वह समय रहते बाहर निकल आया। इसके बाद राजेश पानी के तेज बहाव में बह गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और राजेश की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
पंचकूला सेक्टर-19 में लोगों के घरों में भरा पानी
इसके अलावा सेक्टर-19 में कई मकानों के बाहर भी बारिश का पानी जमा हो गया। लोगों को घरों से बाहर निकलने और वाहनों को निकालने में परेशानी हुई। बारिश के बाद जलभराव की स्थिति ने शहर में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।
मोहाली सेक्टर-70 समेत कई इलाकों की सड़कें बनीं तालाब
मोहाली में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद सेक्टर-70 समेत शहर के कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब भर गईं और जगह-जगह तालाब जैसा नजारा दिखाई दिया।
सेक्टर-70 में सड़क पर इतना पानी जमा हो गया कि कई मोटरसाइकिलें पानी में डूबती नजर आईं। ऑफिस से घर लौट रहे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
होमलैंड निवासी मिली गर्ग ने बताया कि जब भी बारिश होती है, सेक्टर-70 की सड़क पर जलभराव हो जाता है। उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोगों को सड़क से निकलना मुश्किल हो गया। जुबली वॉक के पीछे स्थित रिहायशी सोसाइटी में सैकड़ों परिवार रहते हैं। जलभराव के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चंडीगढ़ सेक्टर-9 में नाले में बदली सड़क
चंडीगढ़ सेक्टर-9 की मुख्य सड़कों, खासकर जन मार्ग और पुराने सचिवालय के आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और कई गाड़ियां पानी में फंस गईं। स्थानीय निवासियों व यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्राईसिटी में सुबह हुई तेज बारिश के कारण कई सेक्टरों में जलभराव की शिकायतें आई हैं। नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर पानी निकालने और सड़कों को साफ करने का काम कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।
चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-17 बस स्टैंड पर भी भारी जलभराव हो गया। बस स्टैंड परिसर और आसपास की सड़कों पर पानी भर जाने से यात्रियों व वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड के मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र और चौक के आसपास घुटनों तक पानी जमा हो गया और आवागमन प्रभावित हुआ। यात्री पानी में पैदल चलकर बसें पकड़ने को मजबूर दिखे। आसपास की सड़कों, खासकर सेक्टर-17/18 रोड पर भी जलभराव के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
ट्राईसिटी में सुबह से हुई भारी बारिश ने कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सेक्टर-17 जैसे व्यस्त इलाके में जलभराव से दैनिक यात्रियों, ऑफिस जाने वालों और स्थानीय व्यापारियों को दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर बारिश के बाद सेक्टर-17 बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में पानी भरना आम बात हो गई है।
अलीपुर खटौली क्षेत्र में नदी में आए पानी के तेज बहाव से एक बार फिर नदी पुल को जोड़ने वाली सड़क का किनारा बह गया है। इस घटना के बाद पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने तुरंत बैरिकेडिंग कर पुल से आवाजाही को पूरी तरह बंद कर दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भारी बारिश और नदी में पानी के तेज बहाव के कारण सड़क का किनारा कमजोर पड़ गया और बह गया। इससे पुल तक पहुंचने वाला मार्ग असुरक्षित हो गया है। विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा के लिहाज से पुल पर वाहनों व पैदल यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है।पुलिस ने बैरिकेड लगाकर लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। पीडब्ल्यूडी टीम क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम जल्द शुरू करने की तैयारी में है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है और स्थायी समाधान की जरूरत है।