पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी: दो जासूस गिरफ्तार, दुश्मन को भेज रहे थे सेना छावनियों और एयरबेस की तस्वीरें
पुलिस के अनुसार आरोपी जासूस आईएसआई के संपर्क में थे। वे आर्मी कैंट और एयरबेस की तस्वीरें उसे भेज रहे थे।
विस्तार
पंजाब पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। अमृतसर में बड़ा जासूसी कांड बेनकाब करते हुए दो जासूसों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सेना की गोपनीय जानकारी लीक कर रहे थे। दोनों के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से कनेक्शन उजागर हुए हैं।
पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान पलक शेर मसीह और सुरज मसीह के तौर पर हुई है। दोनों को अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने सेना छावनियों और एयरबेस की तस्वीरें दुश्मन को भेजीं।
मोबाइल फोन बरामद
आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे दोनों जासूसों एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। जिससे आर्मी कैंट और एयरफोर्स से जुड़ी बेहद संवेदनशील सूचनाएं आरोपी पाकिस्तान को भेज रहे थे।
एसएसपी देहाती मनिंदर सिंह ने बताया कि उक्त दोनों आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी कि यह लोग पाकिस्तान की एजेंसी आईएसआई के संपर्क में है। इसी के तहत ट्रैप लगाया और दोनों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों से जो मोबाइल बरामद हुआ है उसे कई तरह की जानकारियां मिली हैं कि आरोपी आर्मी कैंट से संबंधित जानकारी पाकिस्तान भेज रहे थे।
नशे के आदी हैं दोनों आरोपी
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और मजदूरी करते थे। इसी दौरान आरोपी जेल में बंद कुख्यात अपराधी हैप्पी के संपर्क में आ गए और उसके जरिए आईएसआई के लिए काम करने लगे। फिलहाल आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है ताकि पता चल सके कि और कौन-कौन लोग उनके साथ जुड़े हुए हैं।
डीजीपी ने की पुष्टि
डीजीपी गाैरव यादव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट किया कि आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है। पंजाब पुलिस भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़ी है, राष्ट्रीय हितों की रक्षा के अपने कर्तव्य में अडिग है। हमारे सशस्त्र बलों की सुरक्षा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का दृढ़तापूर्वक और तत्काल जवाब दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ के पूर्व डीजीपी को बड़ा झटका: गृह मंत्रालय के खिलाफ गए थे कोर्ट, अब नक्सल एरिया में रवानगी
प्रदेश में बढ़ी चाैकसी
वहीं दो जासूसों की गिरफ्तारी के बाद से पूरे प्रदेश में एक बार फिर चाैकसी बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ करेंगी और उनके नेटवर्क के बारे में खुलासा करेंगे। पहलगाम हमले के बाद पंजाब पुलिस के इस एक्शन को सुरक्षा के लिहाज से बड़ा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।