फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Jhota murder case Kurali-based medicine factory under scrutiny investigators tracing links from Delhi address

झोटा हत्याकांड: कुराली की दवा फैक्टरी जांच के घेरे में, दिल्ली के पते से लेकर बद्दी तक खंगाले जा रहे तार

Mon, 26 Oct 2026 10:37 AM IST
Nivedita भारत भूषण, संवाद, बठिंडा
भारत भूषण, संवाद, बठिंडा Published by: Nivedita Updated Mon, 26 Oct 2026 10:37 AM IST
सार

मानसा हत्याकांड का मुख्य आरोपी अश्वनी कुराली की इसी फैक्टरी से सिग्नोर कैप्सूल अपने मेडिकल स्टोर के लिए मंगवाता था और उन्हें मानसा में बेचता था। परविंदर सिंह झोटा इसी का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि इसी विवाद में झोटा की गोली मारकर हत्या की गई।

विज्ञापन
Jhota murder case Kurali-based medicine factory under scrutiny investigators tracing links from Delhi address
मानसा में जांच करती सीबीआई टीम - फोटो : संवाद

विस्तार

मानसा के परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अश्वनी से लिंक सामने आने के बाद जांच के घेरे में आई कुराली की दवा फैक्टरी से जुड़े मामले में अब दिल्ली के पते की जांच शुरू हो गई है। फैक्टरी में तैयार सिग्नोर कैप्सूल के पत्ते पर दिल्ली का एक पता दर्ज है। पंजाब के ड्रग विभाग ने इस पते की पड़ताल के लिए दिल्ली के ड्रग विभाग को पत्र लिखा है। वहीं, कुराली की फैक्टरी का हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित एक कंपनी से भी लिंक होने की संभावना जताई जा रही है।
विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार, पंजाब के ड्रग विभाग ने दिल्ली के विभाग से पूछा है कि संबंधित पते पर क्या गतिविधियां चल रही हैं और क्या वहां किसी के पास ड्रग लाइसेंस है। दिल्ली का ड्रग विभाग जांच के बाद पंजाब को रिपोर्ट भेजेगा। पंजाब के ड्रग कंट्रोलर विभाग के एक वरिष्ठ सूत्र ने इसकी पुष्टि की है।
विज्ञापन


जांच में यह भी सामने आया है कि कुराली की दवा फैक्टरी का बद्दी की एक कंपनी से भी संबंध हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, फैक्टरी कुछ दवाएं बद्दी की कंपनी से भी तैयार करवाती थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार, मानसा हत्याकांड का मुख्य आरोपी अश्वनी कुराली की इसी फैक्टरी से सिग्नोर कैप्सूल अपने मेडिकल स्टोर के लिए मंगवाता था और उन्हें मानसा में बेचता था। परविंदर सिंह झोटा इसी का विरोध कर रहे थे। मामले में कुराली की फैक्टरी की भूमिका की जांच जारी है। सूत्रों ने यह भी संभावना जताई है कि मामले की जांच सीबीआई कर सकती है। 
Trending Videos

सीबीआई ने मेडिकल स्टोर मालिक के शैलर पर की रेड
झोटा हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने शनिवार रात और रविवार सुबह मानसा के गांव अक्कांवाली में एक मेडिकल स्टोर मालिक के शैलर पर छापा मारा। सीबीआई की तीन टीमें मानसा में अलग-अलग जगहों पर जांच कर रही हैं। टीमों ने मेडिकल स्टोर संचालकों और अन्य दुकानदारों से पूछताछ की है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों के बयान दर्ज करने और झोटा की ओर से मेडिकल स्टोरों पर खुलेआम नशा बेचने के आरोपों को लेकर वायरल किए गए वीडियो जुटाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

जांच एजेंसी मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार के हथियार के लाइसेंस, इसे जारी कराने के लिए की गई सिफारिशों और पिछले तीन महीने की मोबाइल फोन डिटेल खंगाल रही है। जांच में कुछ पुलिस, सिविल अधिकारियों और कारोबारियों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। सीबीआई इनके हत्याकांड से संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है। झोटा के पिता भीम सिंह फौजी पहले ही मामले में ड्रग गिरोह की भूमिका की आशंका जताकर जांच की मांग कर चुके हैं।

सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय झोटा के साथ कौन-कौन मौजूद था, विवाद कैसे बढ़ा और हत्या के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए। थाना सिटी-2 से एफआईआर समेत दस्तावेज लिए जा चुके हैं। आरोपी की ढहाई गई दुकान के मलबे से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। हालांकि दुकान गिराए जाने से सबूत नष्ट होने की आशंका है। ऐसे में वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य जांच के लिए अहम हैं।

झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भीड़ को उकसाकर सबूत नष्ट करने के लिए दुकान ढहवाई। उधर, पैरा मेडिकल एंड हेल्थ कर्मचारी फ्रंट ने अश्वनी कुमार की फार्मासिस्ट के रूप में रजिस्ट्रेशन रद्द किए जाने को महज दिखावटी कार्रवाई बताया। फ्रंट ने उसकी शैक्षणिक योग्यताओं और फार्मेसी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया की भी जांच की मांग उठाई है।

झोटा की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा: सुखबीर बादल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने परविंदर सिंह झोटा के मानसा स्थित आवास पर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और दुख साझा किया। उन्होंने झोटा के माता-पिता, पत्नी और दोनों छोटे बच्चों के हौसले को सलाम करते हुए कहा कि परिवार अपने पहाड़ जैसे दुख को पीछे रखकर इंसाफ की लड़ाई लड़ रहा है।

सुखबीर बादल ने पार्टी की ओर से परिवार और एक्शन कमेटी को भरोसा दिलाया कि अकाली दल और वह निजी तौर पर भी इंसाफ के इस संघर्ष में हर पल उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी को नशों से बचाने के लिए झोटा की दी गई शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। सुखबीर ने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed