Amritsar: ऑपरेशन ब्लू स्टार की 40वीं बरसी पर लगे खालिस्तान के नारे, फरीदकोट के नवनिर्वाचित सांसद भी पहुंचे
आज ऑपरेशन ब्लू स्टार की 40वीं बरसी है। श्री हरमंदिर साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब पर सुबह से ही संगत उमड़ी। संगत ने गुरुघर में शीश नवाया। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस भी तैनात रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑपरेशन ब्लू स्टार की 40वीं बरसी गुरुवार को श्री हरमंदिर साहिब परिसर में शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। इस दौरान सुबह अखंड पाठ साहिब के भोग डालने के बाद इलाही बाणी का कीर्तन किया गया। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने सिख कौम के नाम संदेश जारी किया।
फरीदकोट के नवनिर्वाचित सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने पहुंचे। सरबजीत खालसा, सिमरनजीत मान, दल खालसा के समर्थकों ने खालिस्तान के नारे लगाए।
जत्थेदार व एसजीपीसी के अध्यक्ष की ओर से ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान मारे गए लोगों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सरबत खालसा की ओर से नियुक्त किए गए अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ध्यान सिंह मंड ने भी सिख कौम के नाम संदेश पढ़ा। अकाली दल अमृतसर के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने भी सिख पंथ के नाम श्री अकाल तख्त साहिब के पास से ही संदेश जारी किया। जब जत्थेदार मंड और मान अपने अपने संदेश पढ़ रहे थे तो एसजीपीसी की ओर से श्री हरमंदिर साहिब में चल रहे कीर्तन की आवाज बढ़ा दी गई।
हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री अकाल तख्त साहिब पर नतमस्तक होने आई संगत की ओर से खालिस्तान और भिंडरावाला के पोस्टर लहराए गए। श्री हरमंदिर साहिब परिसर के बाहर खालिस्तान के नारे लगाए गए।
इस दौरान दल खालसा, यूनाइटेड सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन, सिख यूथ फेडरेशन भिंडरावाला, अकाली दल मान, निहंग जत्थेबंदियों, दमदमी टकसाल आदि संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अमृतसर बंद के आह्वान के चलते दल खालसा के कार्यकर्ताओं ने एक मार्च भी निकाला। जिसके चलते श्री हरमंदिर साहिब के आसपास के इलाकों में लोगों ने अपने कारोबार पूर्ण रूप में बंद रखे। शहर में बाद दोपहर तक बंद का पूर्ण असर दिखाई दिया। इस दौरान एसजीपीसी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने भी घल्लूघारे के अवसर पर शहीदीं को श्रद्धासुमन भेंट करते हुए वर्ष 1984 की घटनाओं को हर सिख को याद रख अपने भविष्य की रणनीति तय करने का आह्वान किया।
बरसी कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए श्री हरमंदिर साहिब परिसर के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में सिविल व वर्दी में पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए थे। श्री हरमंदिर साहिब को आने जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी के साथ साथ भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.