एक नजर मेरठ से आज की हैडलाइन्स पर-
अस्पताल में भीड़ से बचना चाहते हैं तो ई संजीवनी ओपीडी ऐप का इस्तेमाल करें और घर बैठे डॉक्टर की सलाह लेकर उपचार कराएं। इस एप पर आपको विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह मिलेगी आप वीडियो कॉलिंग के माध्यम से चिकित्सक से रूबरू हो सकते हैं या फिर संदेश के जरिए भी बात कर सकते हैं। शनिवार को पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में ई संजीवनी ओपीडी निशुल्क सेवा की शुरुआत कर दी गई।
मेरठ के ब्रह्मपुरी में शनिवार को एक सिरफिरे बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को घर में बंद कर लिया। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर हत्यारोपी को घर से निकाला। वहीं गुस्साए लोगों ने हत्यारोपी को पुलिस से छुड़ा लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस का दावा है कि आरोपी नशे का आदी है और पिता से पैसे मांग रहा था। इंकार करने पर उसने आपा खो दिया और पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में जवाहर टनल के पास पिस्टल के साथ बिजनौर निवासी दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर कुलगाम पुलिस ने जवाहर टनल के पास नाका लगाया था, इस दौरान एक सैंटरो कार को रोककर जांच की गई, जिसमें एक पिस्टल में 20 गोलियां बरामद की गई कार सवार मोहम्मद दानिश निवासी राजा का ताजपुर बिजनौर में नौशाद निवासी शाहपुर रतन, किरतपुर बिजनौर को गिरफ्तार किया गया है।
आजाद समाज पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को मेरठ के रसूलपुर, वलीदपुर, पावली व इंचोली का दौरा किया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया
जीएसटी चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में अब तक 3500 करोड़ से ज्यादा का फर्जी बिलिंग का खुलासा हो चुका है ऐसे करदाताओं पर अब आयकर विभाग भी शिकंजा कसेगा एक तरफ जीएसटी विभाग से बिलों की संपूर्ण जानकारी ली जाएगी। वहीं आयकर विभाग अपने स्तर से आय की स्थिति का सत्यापन कराएगा।
मेरठ के सोहराब गेट डिपो से अपहरण की गई 4 साल की बच्ची को एडीजी के निर्देश पर हरदोई से मेरठ लाया गया है आज उस बच्चे का मेडिकल कराया जाएगा इस घटना को दबाने में लगी नौचंदी पुलिस ने बरामदगी के बाद बच्ची का मेडिकल नहीं कराया था और पीड़ित परिवार को बच्ची के साथ हरदोई भेज दिया था। एडीजी की नाराजगी के बाद बच्ची को वापस लाया जाएगा
बागपत के ढिकौली गांव में आज होने वाली किसान महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी किसानों को संबोधित करेंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए रालोद नेताओं ने अपनी ताकत लगा दी है। वहीं सुबह से ही किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए लोग गांव में पहुंचने लगे।
किसान और सरकार के बीच जारी तपिश के चलते कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी चौथी बार पश्चिम के रण में गरजेंगी। आज दोपहर सरधना विधानसभा के कैली गांव में वह किसानों का मन टटोलने की और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए आशीर्वाद मांगेंगी।
बता दें कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपने अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से की है। वहीं किसान महापंचायत में प्रियंका के कद को देखते हुए भीड़ जुटाना कांग्रेसियों के लिए बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि जिस क्षेत्र में कांग्रेस ने यह जनसभा रखी है, वहां किसान आंदोलन का कोई खास असर नहीं दिखाई दे रहा ।
... Read More