आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
बागपत में एक युवती ने मंत्री के सामने पेट्रोल उड़ेलकर किया आत्मदाह का प्रयास
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के चार साल पूरे होने पर बागपत में शुक्रवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आयुष मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी भी पहुंचे। इस दौरान मंत्री के सामने ही एक युवती ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल कर आत्मदाह करने का प्रयास किया। किसी तरह अधिकारियों ने युवती को रोका। इसके बाद कार्यक्रम बीच में ही खत्म करना पड़ा और मंत्री कर्यक्रम छोड़कर निकल गए।
देवबंद में वसीम रिजवी के खिलाफ प्रदर्शन, मुस्लिम समाज के लोगों ने की बड़ी कार्रवाई की मांग
सहारनपुर के देवबंद में जमीयत उलमा-ए-हिंद के बैनर तले शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोगों ने शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर रिजवी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
मेरठ में एक दिन में कोरोना के 17 नये मरीज मिले
मेरठ में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन लोग फिर भी लापरवाही बरत रहे हैं। शुक्रवार को 3887 सैंपल की जांच हुई, जिसमें 17 लोग संक्रमित मिले। इनमें 15 केस नये हैं और मात्र दो मरीज ही संपर्क वाले हैं। वहीं रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर लोग लापरवाही बरतते नजर आए। अधिकांश ने न तो मास्क लगाया हुआ था और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे थे।
पंचायत चुनाव के लिए नये आरक्षण में खिल उठे कई के चेहरे
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण की दोबारा प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष तो पूर्व की तरह ही अनारक्षित रहा, लेकिन जिला पंचायत के वार्ड पूरी तरह बदल गए हैं। जो दावेदार आरक्षण से पहले मायूस थे, अब उन्हें खुलकर हंसने का मौका मिलेगा। कुछ लोग इस बार भी मायूस रहेंगे। वहीं सबसे ज्यादा मायूसी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह को मिली है, उनका वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है।
सहारनपुर में प्रेमी युगल ने की आत्महत्या
सहारनपुर में बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर में एक प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली। पहले युवती ने जहर खाया। वहीं प्रेमिका की मौत की खबर लगने पर युवक फांसी के फंदे पर झूल गया।
विद्युत लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिजनों का हंगामा
मेरठ में कंकरखेड़ा रोहटा रोड ग्रीन लैंड पब्लिक स्कूल के निकट कवि नगर कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान की छत पर काम कर रहे एक मजदूर की ग्यारह हजार की लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक युवक कपिल घसौली गांव का रहने वाला था। सूचना मिलने पर परिजनों ने हंगामा किया।
अखिलेश की जनसभा से पहले सपा नेताओं में मचा है घमासान
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रैली को लेकर सपा नेता भले ही एकजुट होकर तैयारी करने की बात कर रहे हों, लेकिन पार्टी की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। सपा नेता इस समय चार खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं। ऐसे में 23 मार्च को मवाना में होने वाली रैली की सफलता और असफलता पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
... Read More