मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे : एक अप्रैल से भरें फर्राटा
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक अप्रैल से वाहन फर्राटा भर सकेंगे। एक्सप्रेसवे पर लूप, अंडरपास और मुख्य सड़क पर डिवाइडर बनाने का काम तेजी से चल रहा है। मुख्य निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंचने के बाद अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने एक्सप्रेसवे को यातायात के लिए खोले की मंजूरी के लिए फाइल सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को बढ़ा दी है। अथॉरिटी ने विधिवत रूप से एक अप्रैल से एक्सप्रेसवे को खोलने का समय मांगा है। डीएमई के परियोजना निदेशक मुदित गर्ग ने बताया कि एक अप्रैल से एक्सप्रेसवे पर वाहन चलने शुरू हो जाएंगे।
रैपिड रेल : 15 किमी में 533 पिलर तैयार
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर के निर्माण कार्य में तेजी आई है। 82 किमी के कॉरिडोर में से 15 किमी से अधिक भाग के पिलर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस हिस्से में लगभग 533 पिलर है। आरआरटीएस वायडक्ट (जिस पर ट्रेन चलती है) का लगभग 3.5 किमी हिस्सा भी तैयार हो चुका है। वर्तमान में 10 लॉन्चिंग गैंट्रीज (तारिणी) आरआरटीएस वायडक्ट के बाकी हिस्सों के निर्माण के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। साहिबाबाद और दुहाई के बीच 17 किमी प्राथमिकता खंड पर चार स्टेशनों साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर और दुहाई का फाउंडेशन कार्य पूरा हो चुका है। इन स्टेशनों के लिए सुपरस्ट्रक्चर का निर्माण कार्य जारी है। 17 किमी के इस चरण में से 16 किमी स्ट्रेच का आरआरटीएस वायडक्ट के फाउंडेशन का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। साहिबाबाद से दुहाई के बीच 17 किमी के प्राथमिकता वाले खंड को 2023 तक और 2025 तक पूरे कॉरिडोर को शुरू करने का लक्ष्य है।
कोरोना के 10 और मरीज मिले
कोरोना का संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। रविवार को 3283 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें से दस नये मरीज मिले। इन मरीजों में चार मरीज जहां संपर्क वाले हैं, बाकी छह मरीज नये हैं। मरीज 10 साल से लेकर 69 साल तक की उम्र के हैं। इनमें तीन मरीज कंकरखेड़ा, दो मरीज मंगल पांडे नगर, एक मरीज पंजाबीपुरा, एक मरीज साकेत, एक मरीज बलवंत नगर जेलचुंगी रोड से है तो एक मरीज सैन्य क्षेत्र से है। जनपद में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या का आंकड़ा 21437 पहुंच गया है। अभी भी 23 मरीज होम आइसोलेशन में है, जबकि रविवार को 17 मरीज डिस्चार्ज किए गए।
महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुराने वाला सोतीगंज का युवक दबोचा
सदर बाजार क्षेत्र में महिलाओं के परिधान चोरी करते हुए दो युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। परिजनों ने तंत्र मंत्र क्रिया का अंदेशा जताकर नाराजगी जताई और फिर सदर थाने में हंगामा किया। बाद में पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। वह सोतीगंज का कबाड़ी निकला। सदर बाजार के एक मोहल्ले में व्यापारी का परिवार रहता है। शुक्रवार सुबह स्कूटी पर दो युवक आए। व्यापारी के घर के बाहर तार पर महिलाओं के परिधान सूख रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने कपड़े चोरी कर लिए और स्कूटी की डिग्गी में रखकर चला गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की आज अंतिम तिथि
लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आवदेन की अंतिम तिथि आज (सोमवार) है। 16 से 22 मार्च के बीच ऑनलाइन आवेदन लेट फीस के साथ होंगे। 10 मई से प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा 19 मई को प्रस्तावित है। 20 से 25 जून के बीच प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। 12 जुलाई से काउंसलिंग शुरू करने का प्रस्ताव है। आवेदन लखनऊ विवि की वेबसाइट lkouniv.ac.in पर किए जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग के लिए 1500 रुपये और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 750 रुपये है। विलंब शुल्क के साथ फीस 2000 रुपये और 1000 रुपये हो जाएगी। इस प्रवेश परीक्षा में प्रदेश के करीब 2900 कॉलेज शामिल होंगे, जिनमें करीब दो लाख 40 हजार सीटें हैं।
फुलेरा दूज : आज होंगे शुभ कार्य
फुलेरा दूज फाल्गुन महीने में शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि आज सोमवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आज भगवान कृष्ण होली के त्योहार में भाग लेते हैं और रंग-बिरंगे फूलों से होली खेलते हैं। सोमवार को शहर में सर्वाधिक विवाह संस्कार होंगे। कृष्ण मंदिरों में फूलों की होली खेली जाएगी। हिंदू धर्म में अमूमन लोग शादी विवाह से पहले शुभ मुहूर्त विचारना अनिवार्य मानते हैं। बिना किसी मुहूर्त के शादी करना शुभ नहीं माना जाता है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार फुलेरा दूज एक ऐसी तिथि है जब 24 घंटे प्रत्येक क्षण प्रत्येक समय मंगल रहता है। इस वक्त में सभी मांगलिक कार्य जैसे विवाह आदि संपन्न किए जा सकते हैं।
दुकान और मकान में लगी आग, सामान जलकर राख
मेरठ में दो अलग- अलग जगहों पर आग लग गई। सुभाष बाजार के पास जामा मस्जिद के निकट कपड़े की दुकान में बीती रात आग लग गई। आग लगने से समस्त समान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण बिजली की शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं सरधना क्षेत्र के खेड़ा में रविवार देर रात सुरेश के मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से हजारों रुपयों का सामान जलकर राख हो गया।
... Read More