आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
हरियाणा सरकार ने यूपी के गेहूं की खरीद पर लगाई रोक, बॉर्डर पर किसानों को रोका
हरियाणा सरकार ने उत्तर प्रदेश के गेहूं की खरीद पर रोक लगा दी है। रात में बड़ी संख्या में गेहूं लेकर जा रहे किसानों को बिड़ौली बॉर्डर पर रोक दिया गया। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ। किसानों की हरियाणा पुलिस से हाथापाई तक हुई। इस दौरान मौके पर लंबा जाम लगा हुआ है। करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी है। सूचना पर भारतीय किसान यूनियन ब्लॉक ऊन अध्यक्ष अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी गेहूं रोकने का कारण पूछा, लेकिन हरियाणा प्रशासन ने सिर्फ इतना कहा कि उत्तर प्रदेश के गेहूं की खरीद पर रोक लगाई गई है। इसलिए वह गेहूं नहीं ले जाने देंगे। इसे लेकर काफी जद्दोजहद हुई।
मेरठ में कोरोना से जिला उद्यान अधिकारी समेत चार की मौत, एक दिन में मिले 299 नए मरीज
उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कोरोना से जिला उद्यान अधिकारी आरएस राठौर समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 299 नए मरीज मिले हैं। मेडिकल कॉलेज में मरने वाले 56 वर्षीय व्यक्ति मेडिकल में ही कार्यरत मैटर्न के पति थे, जबकि 30 वर्षीय युवक शास्त्री नगर का रहने वाला था। 22 वर्षीय युवक सरधना का रहने वाला था।
एक्सप्रेसवे से उत्तराखंड जाना हुआ आसान
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन शुरू होने से सबसे अधिक लाभ दिल्ली, देहरादून से आने वाले लोगों को हो रहा है। मोदीनगर, मुरादनगर में जाम से बचने के लिए पहले कांवड़ नहर पटरी का उपयोग किया जाता था। इस मार्ग पर अब तक हुए हादसों में कई परिवार अपनों को खो चुके हैं। देहरादून, मुजफ्फरनगर, रुड़की जाने वाले वाहन एक्सप्रेसवे से होकर एनएच-58 का उपयोग कर रहे हैं। इससे समय की बचत हो रही है, वहीं अभी टोल प्लाजा शुरू न होने का फायदा भी वाहन चालक उठा रहे हैं। एक्सप्रेसवे के काशी टोल प्लाजा से हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब आदि राज्यों के वाहन गुजर रहे हैं, जिन्हें कैमरे में कैद किया गया। इससे साफ है कि कांवड़ नहर पटरी को छोड़ अब एक्सप्रेसवे का सफर आरामदायक हो गया है। हालांकि कांवड़ नहर पटरी के चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग ने तैयार कर लिया है। इस पर सरकार ने भी सहमति जताते हुए कार्य शुरू कर दिया है।
पंचायत चुनाव में भाजपा-रालोद की ‘परीक्षा’
किसान आंदोलन के बीच मेरठ की पंचायत राजनीति से अगले विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार हो रही है। मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा और रालोद के लिए पंचायत चुनाव किसी परीक्षा से कम नहीं हैं। दरअसल, किसान आंदोलन के जरिये रालोद अपनी खोया जनाधार फिर से हासिल करने की कवायद में जुटी है, तो भाजपा को अपनी जमीन बचाने की फिक्र है। हालांकि इनके बीच सपा-बसपा पर भी सबकी नजर है। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा ने यूपी और खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर बदल दी है। कभी पश्चिम में रालोद की तूती बोलती थी। सपा और बसपा भी दमदार थी। मुजफ्फरनगर दंगों के बाद लोकसभा चुनाव में जाति और मुद्दों के बजाय सांप्रदायिक ध्रुवीकरण हो गया। 2017 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी हालात कमोवेश ऐसे ही रहे।
चांद का हुआ दीदार, पहला रोजा आज
चांद का दीदार होते ही पाक रमजान माह की खुशियां छा गई। बुधवार से अकीदतमंद पहला रोजा रखेंगे। बाजारों में खरीदारी के लिए लोग पहुंचे। शहर कारी ने वीडियो जारी कर कहा कि मस्जिदों के बजाए खुले मैदान में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए नमाज पढ़ें। चांद दिखने के बाद मंगलवार शाम बाजारों में रौनक बढ़ गई। घंटाघर कोटला, लिसाड़ीगेट रोड व चौपला, श्यामनगर, जाकिर कॉलोनी, शास्त्रीनगर, ढवाई नगर, फतेउल्लापुर रोड, कमेला रोड, इस्लामाबाद व चाहरदीवारी सहित अन्य क्षेत्रों में चहल-पहल रही।
जिपं सदस्य पदों के लिए पहले दिन 297 नामांकन
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार को जिले में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। जिला पंचायत सदस्य पदों के नामांकन के लिए कलक्ट्रेट परिसर में बनाए गए चार कक्षों में पहले दिन जिला पंचायत के 33 वार्डों के लिए 297 नामांकन पत्र जमा दाखिल हुए। कई प्रत्याशियों ने एक से अधिक नामांकन पत्र जमा किए हैं। तीसरे चरण में 26 अप्रैल को चुनाव के लिए 15 अप्रैल नामांकन का आखिरी दिन होगा। 16 अप्रैल से पर्चो की जांच शुरू की जाएगी। मंगलवार को नामांकन कराने वालों में वार्ड 13 से भाजपा समर्थित डॉ. मीनाक्षी भराला प्रमुख रहीं। उनके साथ दर्जा प्राप्त मंत्री संजीव गोयल सिक्का, जिलाध्यक्ष अनुज राठी, सतेंद्र भराला आदि मौजूद रहे। हिस्ट्रीशीटर योगेश भदौड़ा की पत्नी सुमन भदौड़ा ने वार्ड 15 से पर्चा भरा।
मेरठ के बदमाशों ने डाली थी सलाह नगर में डकैती
मेरठ में नौचंदी पुलिस ने गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव सलाह नगर में 6/7 अप्रैल की रात डकैती डालने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। लूटी गई तीन भैंस के अलावा घटना मे प्रयुक्त कैंटर, दो तमंचे 315 बोर व चार कारतूस बरामद किये हैं। बदमाश भैंसों को बेचने के लिए निकले थे। इंस्पेक्टर प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को गश्त के दौरान एल ब्लॉक क्षेत्र में एक कैंटर आता दिखाई दिया। बंद कैंटर को खुलवाकर देखा तो पुलिस को तीन भैस बरामद हुई। पुलिस कैंटर को थाने ले आयी। कैंटर सवारों की पहचान यूनूस कुरैशी निवासी मोहल्ला तोपचीवाड़ा थाना कोतवाली व आजाद निवासी मोहल्ला एक मीनारा मस्जिद थान लिसाड़ीगेट के रूप में हुई। इंस्पेक्टर ने बताया कि छह बदमाशों ने गाजियाबाद में डकैती की वारदात में दोनों शामिल रहे थे।
टिहरी के गट्टू खाता में बना हुआ है फर्जी ट्रेनिंग सेंटर
युवाओं को टेरिटोरियल आर्मी में भर्ती कराने के नाम पर ठगने वाले तीन युवकों को पुलिस और एसओजी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से बहुत सी सामग्री मिली है, जिससे ये युवाओं को फर्जी लेटर बनाकर देते थे। यही नहीं पुलिस टीम इनके गट्टू खाता स्थित ट्रेनिंग कैंप में भी गई। यहां ये युवकों को आर्मी से मिलती-जुलती वर्दी में ट्रेनिंग कराते थे। वहीं, सेना भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले गैंग में सेना से रिटायर्ड अधिकारियों के शामिल होने की जानकारी भी मिली है। सोमवार को एक युवक की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
... Read More