सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मेरठ में ब्लैक फंगस के बुधवार को 19 नए मरीज मिले हैं, जबकि मेडिकल में दो लोगों की मौत हो गई। अब तक 73 मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि हो चुकी है। प्रशासन के रिकॉर्ड में केवल 67 मरीज हैं। छह मरीज अभी रजिस्टर्ड नहीं हुए हैं।
शामली शहर के मोहल्ला कलंदर शाह पंसरियान में गुरुवार सुबह बारिश के दौरान घर की कच्ची छत गिरने से एक परिवार की महिला व तीन बच्चों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसडीएम संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शामली में गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक का लिसाढ गांव के श्मशान घाट पर गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। बाबा हरिकिशन मलिक के अंतिम संस्कार में गठवाला खाप के काफी लोग शामिल हुए। वहीं सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर पंवार ने बाबा हरिकिशन मलिक के आवास पर उनके परिजनों का ढांढस बंधाया।गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक का 94 साल की उम्र में बुधवार को निधन हो गया था। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोरोना के हालात पर उच्चस्तरीय बैठक की। पीएम मोदी ने कहा कि गांवों पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। संक्रमण से हर हाल में गांवों को बचा कर रखना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मौजूदगी से ग्रामीणों का मनोबल बढ़ता। लोगों के अंदर साहस आता है। कई सामाजिक संगठन भी इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस दौरान जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ गई हैं। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि देश में सक्रिय केस कम जरूर हुए, लेकिन चिंता कम नहीं हुई है। यह वायरस लगातार अपने स्वरूप बदल रहे हैं, महामारी से निपटने में निरंतर बदलाव जरूरी है। जिलों के सामने इस वक्त चुनौतियां बहुत हैं, इसलिए समाधान भी उसी तरह के होने चाहिए।
ताउते चक्रवाती तूफान का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिला है। बुधवार को मेरठ और सहारनपुर समेत सभी जिलों में तड़के तीन बजे से पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही। जिसके चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने दो दिन तक लगातार तेज बारिश और आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है। मेरठ में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। पारा लुढ़क कर 25 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुजफ्फरनगर में भोपा क्षेत्र के निकट गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर दो कारों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में महिला सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। बहादराबाद हरिद्वार निवासी दीपक की मुजफ्फरनगर के गांव छछरपुर में 20 दिन पूर्व शादी हुई थी। गुरुवार सुबह दीपक अपने परिवार की ऋचा, वंदना, दिव्या, मोनिका आदि के साथ कार में सवार होकर छछरपुर जा रहे थे। बताया गया कि कार दीपक चला रहा था।
मेरठ में कोरोना महामारी में वैसे तो कोरोना की रिपोर्ट नकारात्मक आना अच्छा है, लेकिन इससे निजात मिलेगी इसके लिए सकारात्मक होना जरूरी है। पिछले चार दिन की रिपोर्ट उम्मीद जग रही है। मरीजों से दोगुनी कोरोना को हराने वालों की रफ्तार रही है। मरीज कम मिले हैं, कोरोना को हराने वाले ज्यादा हैं। इस दौरान कोरोना के 2368 मरीज मिले हैं, जबकि 5408 मरीजों की छुट्टी हुई है। सैंपलों की जांच कुछ कम हुई है, लेकिन औसतन मरीजों का ग्राफ सैंपल के हिसाब से भी घटा है। जहां पहले हर पांचवां और छठा मरीज संक्रमित निकल रहा था, वहां अब 12वां या 15 वां मरीज संक्रमित निकल रहा है। यह बदलाव पिछले चार दिन का है।
... Read More