आज काशी आएंगे प्रधानमंत्री, अमित शाह ने पीएम मोदी को लेकर किया ये दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के प्रधानमंत्री और वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र में रोड शो और नामांकन करने आ रहे हैं। पीएम मोदी 25 अप्रैल को रोड शो और 26 अप्रैल को नामांकन करेंगे। पीएम मोदी के वाराणसी आगमन के पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वाराणसी आ कर रोड शो और नामांकन के तैयारियों की समीक्षा की।
अमित शाह ने दावा किया कि 253 सीटों पर दौरे के बाद भाजपा और एनडीए की जीत साफ दिख रही है। नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए देश में प्रचंड लहर है। पिछले चुनाव में सांसद चुने जाने के बाद मोदी ने प्राचीन नगरी काशी की आध्यात्मिकता से छेड़छाड़ किए बिना आधुनिक स्वरूप दिया।
अगले पांच साल में काशी के विकास के अध्याय को पूरा किया जाएगा। केंद्र की मोदी सरकार ने गंगोत्री से गंगा सागर तक निर्मल गंगा अभियान चलाया। कुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं ने गंगा की पवित्रता देखी। अगले पांच साल में गंगा की निर्मलता की परियोजनाएं भी पूरी कर ली जाएंगी।
काशी विश्वनाथ धाम का जिक्र कर अमित शाह ने कहा कि काशी, विश्वनाथ और गंगा के प्रति आस्था रखने वाले देश भर के श्रद्धालुओं के लिए सुखद अनुभव है। बाबा विश्वनाथ अपने गण और देवों के साथ अब दिखाई देते हैं। गंगा से जल लेकर सीधे विश्वनाथ धाम तक पहुंचने के लिए पावन पथ बनाया जा रहा है।
काल भैरव का आशीर्वाद लेकर पीएम करेंगे नामांकन
अमित शाह ने बताया कि 26 अप्रैल को मोदी काशी के कोतवाल कालभैरव का आशीर्वाद लेकर नामांकन करेंगे। इससे पहले कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। नामांकन से एक दिन पहले पीएम मोदी मालवीय प्रतिमा से दशाश्वमेध घाट तक रोड शो करेंगे। गंगा आरती में शामिल होने के बाद शहर के प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे।
पीएम के रोड शो और नामांकन में भाजपा के साथ एनडीए के नेता शामिल होंगे। शाह ने बताया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान, बिहार के सीएम नीतीश कुमार के साथ ही पूर्वोत्तर सहित देश के अन्य हिस्सों से एनडीए के नेता काशी आएंगे।
पीएम के रोड शो में दिखे लघु भारत
कोर कमेटी के साथ बैठक में शाह ने कहा, नामांकन से पहले रोड शो में सड़कों पर जनसमर्थन से पूर्वांचल और बिहार में मोदी लहर का संदेश देना है। काशी के जनसमर्थन का संदेश कई राज्यों में जाएगा। 2014 में मोदी लहर को इस बार सुनामी का रूप देना है। नामांकन के दौरान भी काल भैरव से नामांकन स्थल तक काशी की जनता पीएम का स्वागत करे।
25-26 अप्रैल का माहौल 19 मई तक बनाकर रखना है, ताकि पिछली बार की तुलना में मोदी की दोगुने मतों से जीत हो। उन्होंने बूथ स्तर की समिति की सूची की समीक्षा की और ज्यादा मतदान की रूपेरखा भी बनाई। अमित शाह ने सुभासपा का नाम लिए बिना कहा, लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है।
चुनाव में उस समाज के लोगों में यह संदेश होना चाहिए कि भाजपा और पीएम मोदी ने उन्हें सम्मान दिलाया। गाजीपुर में महाराजा सुहेलदेव पर डाक टिकट जारी कर पीएम ने एतिहासिक काम किया। इस चुनाव में 51 फीसदी मतों की लड़ाई के लिए भाजपा तैयार है।