लखनऊ से वाराणसी के लिए चलने वाली कृषक एक्सप्रेस के साथ बुधवार सुबह 10 बजे बड़ा हादसा होने से बच गया। मऊ जिले के इंदारा जंक्शन के आउटर से पहले हलधरपुर थाना क्षेत्र के बकराबाद गांव के पास ट्रेन में आग लग गई। ट्रेन की बोगी से धुंआ निकलता देख कर यात्रियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रामीणों की सूझबूझ से कृषक एक्सप्रेस 'बर्निंग ट्रेन' बनने से बच गई। तस्वीरों में देखें ऐसे पाया गया आग पर काबू...
2 of 5
ट्रेन से कूद कर लोगों ने बचाई जान
- फोटो : अमर उजाला
कृषक एक्सप्रेस लखनऊ से वाराणसी के मंडुवाडीह स्टेशन के लिए किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। कुछ देर बाद ट्रेन के डिब्बे एस-7 में शौचालय के पास से लोगों को धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। जैसे ही ट्रेन की रफ्तार बढ़ी आग बढ़ने लगी और देखते ही देखते आग की लपटें फैलने लगीं। आग की भनक लगते ही यात्री दहशत में आकर चिल्लाने लगे।
3 of 5
ट्रेन के बोगी के अंदर तारों में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
इसी बीच किसी यात्री ने चेनपुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन इंदारा स्टेशन के पहले बकराबाद गांव के पास रुक गई। ट्रेन धीमी होते ही यात्री कूद कर अपनी जान बचाने लगे। जहां ट्रेन रूकी थी वहां पर कुछ किसान अपने खेतों में पानी भर रहे थे। ट्रेन से धुंआ उठता देख कर किसानों ने यात्रियों की मदद से पाइप द्वारा पानी की व्यवस्था कर के आग पर काबू पाया।
4 of 5
किसानों ने बचाई लोगों की जान
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेन स्कॉर्ट की सूचना पर आरपीएफ चौकी प्रभारी सुधीर कुमार राय ने तुरंत दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में लग गए। जानकारी होते ही इंदारा जंक्शन स्टेशन अधीक्षक प्रभारी मुरली मनोहर सिंह ने तकनीकी स्टाफ ने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इधर, आग की सूचना मिलते ही मऊ जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ सतर्क हो गई और टीमें फौरन मौके पर रवाना हो गईं।
मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। सूचना मिलते ही कोपागंज के थानाध्यक्ष विनोद सोनकर भी मौके पर पहुंच गए थे। आरपीएफ प्रभारी डीके राय ने बताया कि मऊ जंक्शन पर सुरक्षा जांच के बाद कृषक एक्सप्रेस को वाराणसी के लिए रवाना किया गया। इस दौरान लगभग 45 मिनट तक ट्रेन का संचालन प्रभावित रहा।