उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक हाड़ कंपाती ठंड का कहर जारी है। मौसम में दिन प्रतिदिन बदलाव हो रहा है। नए साल के शुरुआती चार दिन चटख धूप ने लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत दी, लेकिन रविवार दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे।
चटख धूप के बाद मौसम ने बदला रंग, शीतलहर से लौटी ठंड, पश्चिमी यूपी में कई जगह बूंदाबांदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली। सूरज को बादलों ने अपनी आगोश में ले लिया। तेज हवा चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ और तेज होगा, जिस कारण 6 से 9 जनवरी तक मौसम में ठंडक बनी रहेगी। 8 जनवरी को उत्तर प्रदेश समेत मैदानी भागों में बारिश हो सकती है।
बागपत में भी तीन दिन की धूप के बाद मौसम ने रविवार को एक बार फिर से करवट बदल ली है। सुबह को घना कोहरा और शाम को बादल छाने से ठंडक बढ़ गई। बारिश की आशंका से किसानों को गेहूं अभी बोई गई फसल की चिंता सताने लगी है।
कई दिन तक कोहरे के प्रकोप के बाद तीन दिन से धूप निकल रही थी। धूप निकलने से लोगों को राहत मिली थी। सुबह से ही धूप निकलने से अलाव जलने भी कम हो गए थे। लेकिन रविवार को मौसम ने एक बार फिर से करवट बदलनी शुरू कर दी है। सोमवार को सुबह को घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से सुबह को बहुत ठिठुरन रही।
मुजफ्फरनगर में कई दिनों से मौसम को लेकर जताई जा रही आशंका रविवार को सच साबित हुई। मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दोपहर तक खिली धूप का आनंद ले रहे लोग अचानक छाए बादलों और ठंडी हवा से ठिठुर गए।
दो तीन से तापमान स्थिर है, लेकिन कम होने के कारण ठिठुरन बनी हुई है। मौसम विभाग बारिश होने की संभावना जता रहा है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 19.5 तथा न्यूनतम 04 डिग्री रिकार्ड किया गया। दो दिन से तापमान इतना ही बना हुआ है।
स्कूलों में आठ जनवरी तक का अवकाश
जिले के सभी स्कूलों में आठवीं कक्षा तक आठ जनवरी तक का अवकाश घोषित कर दिया गया है। बीएसए राम सागरपति त्रिपाठी ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा।