बारिश बनी आफत : मेरठ- मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में जमींदोज हुए मकान, कहीं पर सड़क धंसी, शामली में युवक की गई जान
मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के गांव उकसिया में तेज बारिश के चलते धूमपाल सिंह का परिवार मौत के मुंह में जाने से बाल-बाल बच गया। धूमपाल का मकान बारिश में नीचे की ओर बैठ गया। बताया गया कि सुबह करीब 5 बजे घर के सदस्य दहशत में बाहर निकल गए, जिसके बाद पूरा मकान भरभरा कर जमींदोज हो गया।
बताया गया कि मकान मालिक धूम पाल सिंह रेलवे कर्मचारी है जो आगामी 30 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाला है। उसने दो साल पहले ही मकान का निर्माण कराया था, लेकिन बारिश के चलते मकान जमींदोज हो गया। वहीं मकान मालिक को लाखों का नुकसान हुआ है।
मुजफ्फरनगर में सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निराना में तेज बारिश के चलते शमशाद का कच्चा मकान गिर गया। हादसे में सात परिजन घायल हो गए। ग्रामीणों ने मलबे में दबे परिजनों को बाहर निकाला। सिखेड़ा पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल शमशाद व उसकी पत्नी कनीज को गंभीर चोटे आई। जावेद उसकी पत्नी शाइस्ता के अलावा नरगिस, आवेश, कादिर मामूली रूप से घायल हुए हैं। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल परिवार का हाल जाना। राजस्व टीम भेजकर नुकसान का भी आकलन कराया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बगोवाली में भी दो ग्रामीणों के कच्चे मकान की छत गिर गई। उधर, भोपा थाना क्षेत्र के गांव तिस्सा में महिला सरवती के मकान की भी कच्ची छत गिर गई जिसमें उसका बेटा जाबिर घायल हो गया। दूसरी ओर बारिश के चलते खतौली में बुढ़ाना मार्ग पर एक पेड़ गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
सहारनपुर में भी बारिश से लोगों का जीवन प्रभावित हुआ। यहां तीतरो क्षेत्र के गांव कोलाखेड़ी में आधी रात के बाद बिजली गिरने पर मकान का आधा हिस्सा धराशायी हो गया। मकान के बरामदे में सो रहे परिवार के लोगों ने बिजली की गड़गड़ाहट सुनते ही बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
उधर, जिले के कोर्ट रोड पुल के निकट सड़क बैठ गई, वाहनों की आवाजाही रोकी। तीन महीने पहले ही पुल पर डीएफसीसी के तहत नौ मीटर चौड़ाई का हिस्सा काटकर नवनिर्माण किया गया था। वहीं अब फिर से सड़क धंसने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
बिजनौर में भी जमकर बारिश हुई बारिश के बाद से जहां मौसम बदल गया।कई स्थानों पर बारिश से मकानों की छत गिर गईं तो कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। नजीबाबाद के मकबरा क्षेत्र में एक मकान को नुकसान पहुंचा। बताया गया कि बारिश के कारण मकान की छत गिर गई जिससे परिवार बाल-बाल बचा।
शामली में बारिश ने एक युवक की जान ले ली। जिला निवासी बीएड के छात्र की बारिश के कारण खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह बुधवार सुबह सात बजे बीएड की परीक्षा देने के लिए घर से निकला था।