विरासत: कभी मेरठ की शान थी घसौली की हवेली, आज खंडहर में हुई तब्दील, बॉलीवुड फिल्म की हुई थी शूटिंग
घसौली गांव में जर्जर हालत में खड़ी यह हवेली कभी मेरठ जिले की गौरवशाली रियासत की नुमांइदगी करती नजर आती थी। 129 साल पहले बनी यह इमारत आज भी अपनी वजूद का एहसास कराती है। यहां किसान और भगवान फिल्म की शूटिंग हुई थी। दीवारों पर की गई नक्काशी बेजोड़ है।
घसौली गांव निवासी पंडित श्रीराम शर्मा ने 1895 में लगभग 1200 गज में एक बहुत ही खूबसूरत हवेली का निर्माण कराया था। पंडित जी के चार बेटे थे। हेतल, न्यादर, आशाराम व इंद्रजीत। वह घसौली, सिंधावली, दायमपुर, सतवाई, मुरलीपुर व डाबका गांव के जमींदार हुआ करते थे।
बॉलीवुड फिल्म की हुई थी शूटिंग
पंडित गौरव शर्मा ने बताया कि 1974 में आई फिल्म किसान और भगवान की शूटिंग उनकी हवेली में हुई थी। फिल्म में दारा सिंह, फिरोज खान, योगिता बाली, जयश्री गडकर, जानकीदास, पद्या खन्ना व असित सेन जैसे सितारे पहुंचे थे।
पंडित घनश्याम शर्मा ने अफसोस जताया कि समय के साथ-साथ हवेली अपनी सुंदरता खोती जा रही है। अभी भी हवेली को देखने के लिए बाहरी लोग आते रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार हवेली में बैठकर पंचों द्वारा न्याय भी किया जाता था।