यूपी के फतेहपुर जिले में घर की कलह से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। पानी से शुरू हुए विवाद ने दो जिंदगियां छीन लीं। गांववालों ने बताया कि बेटों ने अपने पिता पर ऐसे-ऐसे आरोप लगाए कि उसने ये दर्दनाक कदम उठा लिया। चाचा की जान जोखिम में देख कर भतीजे बचाने का प्रयास किया। लेकिन इसके बाद जो हुआ उससे आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। जानें क्या है पूरा मामला...
फतेहपुर जिलेअमौली में बेहटी गांव निवासी दिनेश साहू (50) प्लंबर ठेकेदार था। सोमवार की सुबह तकरीबन छह बजे अलग घर में रहने वाली अपनी मां महबिरिया के साथ रहने वाली साढू की बेटी रश्मि के लिए कुएं से पानी भरकर रख रहा था। इस पर उसके बेटे संदीप व कुलदीप ने विरोध जताया। गांव वाले बताते हैं कि झगड़े के दौरान बेटों ने पिता पर कुछ आरोप भी लगाए।
इससे क्षुब्ध होकर पिता ने कुएं में छलांग लगा दी। दादी महबिरिया के साथ रहने वाले स्व. उमेश के बेटे रिंकू (22) को घटना की जानकारी हुई तो वह कमर में रस्सा बांधकर चाचा को बचाने के लिए कुएं में उतरने लगा। इसी बीच रस्सा टूटने से वह भी कुएं में गिर गया।
ग्रामीणों ने दोनों को निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन कुएं में जहरीली गैस की वजह से सफलता नहीं मिली। इसी बीच कुछ लोगों ने कुएं में पड़ा सबमर्सिबल पंप बाहर निकालना शुरू किया तो पंप के साथ रस्से में बंधा भतीजे रिंकू का शव भी बाहर आ गया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद दिनेश साहू का शव निकाला।