बीजिंग ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा का कहना है कि खेल आयोजनों में तकनीक का प्रयोग करने में देश अभी काफी पीछे है। अभिनव रविवार को आईआईटी कानपुर में आयोजित खेल महोत्सव ‘उद्घोष- 2017’ के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।
बिंद्रा ने पत्रकारों से बातचीत में खेल को तकनीक से जोड़ने पर बल दिया। बोले, इससे खिलाड़ियों में सुधार होगा। बिंद्रा ने देश में स्पोर्ट्स साइंस की कमी बताई। बोले, जिस तरह बाकी विषयों की पढ़ाई होती है, उसी तरह स्पोर्ट्स साइंस की पढ़ाई होनी चाहिए।
अब सरकार दे रही मदद
अभिनव ने कहा कि कुछ साल पहले तक खेलों को सरकारी मदद नहीं मिलती थी लेकिन अब इसमें बदलाव हुआ है। सरकार की तरफ से हर तरह की मदद मिलने लगी है।
बिंद्रा ने बताया कि उन्होंने निशानेबाजी को बढ़ावा देने के लिए मोहाली में हाई परफारमेंस सेंटर खोला है। जल्द ही दूसरा सेंटर बंगलूरू में खोलेंगे।