कुत्ता घुमाने से कपड़े फोल्ड करने तक: सारे काम निपटाएगा टेस्ला का ऑप्टिमस, मस्क ने बताया कैसे होगा मुमकिन?
एलन मस्क की कंपनी टेस्ला का ह्यूमनॉइड रोबोट ऑप्टिमस अब केवल लैब और फैक्ट्रियों की टेस्टिंग तक ही सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह घर के कामों समेत कई गतिविधियों में व्यस्त देखा गया है। साथ ही एलन मस्क ने दावा किया है कि नेटवर्क लर्निंग के दम पर भविष्य में यह इंसानी डॉक्टर्स से भी बेहतर सर्जरी कर सकेगा।

विस्तार
टेस्ला का ऑप्टिमस लगातार नई क्षमताएं सीखता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इसे घर के रोजमर्रा के कामों से लेकर फैक्ट्री और टेस्टिंग एनवायरनमेंट में अलग-अलग टास्क करते देखा गया है। कुत्ता घुमाने, बच्चों के साथ खेलने और कपड़े फोल्ड करने से लेकर छोटे पार्ट्स संभालने और टेनिस बॉल कैच करने तक, ऑप्टिमस के कई वीडियो इसकी संभावित क्षमताओं की झलक दिखाते हैं।
हालांकि, इनमें से कई वीडियो भविष्य की क्षमताओं या प्रदर्शन को भी दिखाते हैं। इसलिए इन्हें यह प्रमाण नहीं माना जा सकता कि ऑप्टिमस अभी ये सभी काम स्वतंत्र रूप से और बड़े पैमाने पर कर सकता है।

घर के काम संभालने की तैयारी
- सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में ऑप्टिमस को घरेलू माहौल में कई तरह के काम करते दिखाया गया है। वीडियो में रोबोट एक सुनहरे कुत्ते को लीश के साथ घुमाता नजर आता है। इसके बाद वह घर के अंदर दिखाई देता है। एक अन्य सीन में ऑप्टिमस बच्चे के कमरे में उसके साथ टॉय ट्रेन सेटअप करने में मदद करता है।
- रोबोट बच्चे के साथ फर्श पर बैठकर खिलौनों से खेलता भी दिखाई देता है। एक दूसरे सीन में वह छोटी लड़की के साथ कपड़े फोल्ड करता नजर आता है।

किचन में भी करेगा मदद?
- इतना ही नहीं वीडियो में ऑप्टिमस को किचन में भी काम करते दिखाया गया है। एक सीन में वह फ्रिज खोलकर सामान निकालने में मदद करता है।
- इसके बाद रोबोट किचन में खड़ा दिखाई देता है, जबकि टेबल पर खाना रखा हुआ है। इन दृश्यों के आधार पर सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि भविष्य में ऑप्टिमस सफाई, सामान व्यवस्थित करने, खाना बनाने और दूसरे घरेलू कामों में मदद कर सकता है।
- वीडियो के आखिरी हिस्से में ऑप्टिमस एक पहाड़ी जगह पर परिवार की फोटो क्लिक करता दिखाई देता है। परिवार के साथ उनका कुत्ता भी कैमरे के सामने पोज देता है।