अब YouTube Shorts से कर सकेंगे शॉपिंग, कंपनी ने शुरू की नई सुविधा, जानें क्या है खास

वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब (YouTube) अपने प्लेटफॉर्म पर नया बदलाव करने वाला है। कंपनी ने मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म जल्द ही YouTube Shorts के लिए नए शॉपिंग फीचर को शामिल करेगा। इस फीचर में एफिलिएट मार्केटिंग और शॉर्ट्स के जरिए टैग किए गए प्रोडक्ट को खरीदने की सुविधा मिलेगी। फिलहाल इस फीचर को अमेरिका और भारत सहित कई देशों में टेस्ट किया जा रहा है। बता दें कि हाल ही में कंपनी ने टीवी के लिए YouTube Shorts की सुविधा को जारी किया है।

रिपोर्ट के अनुसार इस फीचर की मदद से इन्फ्लुएंसर्स शॉर्ट वीडियोज में ही अपने प्रोडक्ट को टैग कर सकेंगे, जिससे व्यूअर्स को प्रोडक्ट को खरीदने में आसानी हो। इस सुविधा को फिलहाल यूएस के कुछ चुनिंदा इन्फ्लुएंसर्स के लिए जारी कर दिया गया है। साथ ही अमेरिका, भारत, ब्राजील, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में इस फीचर्स को टेस्ट किया जा रहा है। यूट्यूब के नए फीचर्स से इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि प्लेटफॉर्म जल्द ही ई-कॉमर्स फील्ड में भी हाथ अजमाने पर विचार कर रहा है।

टिक-टॉक को कर रहा कॉपी
बता दें कि पिछले हफ्ते ही शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म टिकटॉक ने भी अपने एप पर भी शॉपिंग प्रोग्राम की टेस्टिंग शुरू कर दी है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यूट्यूब, टिकटॉक के फीचर्स और सुविधा को कॉपी करके शॉर्ट वीडियो कॉम्पिटीशन में बने रहना चाहता है। बता दें कि हाल ही में गूगल ने AI अवतार स्टार्टअप Alter को खरीदा है। रिपोर्ट के मुताबिक Alter एआई आधारित अवतार है जो वीडियो क्रिएटर्स के लिए है। Alter काफी हद तक चाइनीज शॉर्ट वीडियो एप टिकटॉक जैसा ही है। जानकारी के लिए बता दें कि भारत सरकार ने जून 2022 में टिकटॉक पर बैन लगाया है।