आखिर क्या है टिक टॉक, जिसके पीछे पागल हैं भारत के युवा और हो रही बंद करने की मांग

टिक टॉक ऐप के बारे में आप जानते ही होंगे और यदि आप नहीं जानते हैं तो इतना समझ लीजिए आपका सोशल इस्तेमाल करना बेकार है। वैसे तो टिक टॉक का विरोध भारत में पहले से ही हो रहा है, लेकिन अब मद्रास हाई कोर्ट ने टिक टॉक ऐप के डाउनलोड्स को बंद करने के लिए केंद्र सरकार को आदेश दिया है। तो अब सवाल यह है कि आखिर यह टिक टॉक है क्या जिसके पीछे पूरी दुनिया पागल हो रही है। आइए जानते हैं।

एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो रमेश बाबू? बैकग्राउंड में दीपिका पादुकोण की आवाज में 'ओम शांति ओम' फिल्म का ये डायलॉग सुनाई पड़ता है और सामने एक आम लड़की का चेहरा दिखता है। लड़की अपनी उंगलियां माथे की ओर ले जाती है और भावुक आंखों से डायलॉग की तर्ज पर अपने होंठ हिलाती है। इंटरनेट इस्तेमाल करने वाला हर शख्स ऐसे छोटे-छोटे वीडियो से दो-चार होता है। ऐसे ज्यादातर वीडियो चीनी ऐप'टिक-टॉक' की देन हैं।

क्या है टिक टॉक
टिक-टॉक' एक सोशल मीडिया ऐप्लिकेशन है जिसके जरिए स्मार्टफोन यूजर छोटे-छोटे वीडियो (15 सेकेंड तक के) बना और शेयर कर सकते हैं। 'बाइट डान्स' इसके स्वामित्व वाली कंपनी है जिसने चीन में सितंबर, 2016 में 'टिक-टॉक' लॉन्च किया था। साल 2018 में 'टिक-टॉक' की लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ी और अक्टूबर 2018 में ये अमेरिका में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप बन गया। अमेरिका में टिक टॉक पर 40 करोड़ का जुर्माना भी लग चुका है। गूगल प्ले स्टोर पर टिक-टॉक का परिचय 'Short videos for you' (आपके लिए छोटे वीडियो) कहकर दिया गया है। प्ले-स्टोर पर टिक-टॉक को परिभाषित कहते हुए लिखा गया है- टिक-टॉक मोबाइल से छोटे-छोटे वीडियो बनाने का कोई साधारण जरिया नहीं है। इसमें कोई बनावटीपन नहीं है, ये रियल है और इसकी कोई सीमाएं नहीं हैं। टिक-टॉक पर आइए और 15 सेकेंड में दुनिया को अपनी कहानी बताइए।