बिना गैस कनेक्शन के भी बुक होगा LPG सिलिंडर: इन तरीकों से घर बैठे कर सकते हैं ऑनलाइन बुकिंग, जानें कैसे
LPG Booking Without Connection:
अगर आप को कोई स्टूडेंट हैं या कोई पेशेवर हैं जो घर के बाहर रहकर पढ़ रहे हैं या नौकरी कर रहे हैं तो उनके लिए 5 किलो का FTL यानी 'छोटू' काफी अच्छा विकल्प हो सकता है। वर्तमान के LPG संकट को देखते हुए अगर कोई विकल्प न हो तो यह घरों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपके पास गैस कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। आपको बस एक सरकारी आईडी देनी होगी और आप बिना परेशानी के छोटू LPG घर ले जा सकेंगे।

भारत में इन दिनों LPG गैस सिलेंडरों की काफी किल्लत देखने को मिल रही है। ऐसे संकट के समय में अगर आपकी गैस अचानक खत्म हो जाए या फिर आप एक छात्र, प्रवासी मजदूर या किराएदार हैं जिनके पास गैस का स्थायी कनेक्शन नहीं है तो नया कनेक्शन लेना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। आम तौर पर 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के लिए सख्त रजिस्ट्रेशन और एड्रेस प्रूफ (पते का प्रमाण) की जरूरत होती है।
लेकिन परेशानी की कोई बात नहीं है क्योंकि हम आपके लिए एक बहुत ही आसान और तत्काल समाधान लेकर आएं है। ये समाधान है- 5 किलो का FTL (फ्री ट्रेड एलपीजी), जिसे आम बोलचाल की भाषा में 'छोटू' सिलेंडर भी कहते हैं। आप अपने स्मार्टफोन का इस्तेमाल करके सिर्फ एक आईडी प्रूफ के जरिए इसे आसानी से बुक कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि क्या है प्रक्रिया।

FTL और 'छोटू' सिलेंडर क्या है?
हाल ही में 'FTL ID' काफी चर्चा में है। गैस बुकिंग के संदर्भ में FTL का मतलब फ्री ट्रेड एलपीजी है। यह इंडियन ऑयल (इंडेन), भारत गैस और HP गैस के जरिए शुरू की गई 5 किलोग्राम वाले मिनी सिलेंडर की एक योजना है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे खरीदने के लिए किसी भी स्थानीय एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होती है।

यह किसके लिए सबसे अच्छा विकल्प है?
यह छोटू सिलेंडर खासतौर पर उन छात्रों, युवा पेशेवरों और प्रवासी मजदूरों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, जो अक्सर काम या पढ़ाई के सिलसिले में शहर या कमरे बदलते रहते हैं और जिनके पास अपने वर्तमान शहर का कोई स्थायी पता (एड्रेस प्रूफ) नहीं होता। इसके अलावा, इमरजेंसी या गैस की किल्लत के समय जैसे जब अचानक घर की गैस खत्म हो जाए और बड़े सिलेंडर की डिलीवरी आने में लंबा समय लग रहा हो। तब भी यह मिनी सिलेंडर बिना किसी परेशानी के एक त्वरित और परफेक्ट समाधान साबित होता है।