Xiaomi ने बिना एलईडी फ्लैश लाइट ही बेच दिया यह स्मार्टफोन

कहते हैं कि किस्मत खराब हो तो ऊंट पर बैठने के बावजूद कुत्ता काट लेता है और किस्मत खराब हो तो ऑनलाइन फोन खरीदने के बाद बॉक्स में साबुन भी मिलता है। कुछ ऐसा ही शाओमी के फोन खरीदने वाले एक शख्स के साथ हुआ है। उसने शाओमी का नया स्मार्टफोन एमआई 9 ऑनलाइन खरीदा लेकिन उसे यह फोन बिना एलईडी फ्लैश लाइट ही डिलीवर हुआ है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

यह पूरा मामला चीन का है जहां एक शख्स ने शाओमी एमआई 9 को ऑनलाइन खरीदा था लेकिन जब उसके पास फोन पहुंचा तो उसमें कैमरे के साथ दी गई एलईडी फ्लैश थी ही नहीं। गौर करने वाली बात यह है कि फ्लैश लाइट की खाली जगह भी नहीं दिख रही है।

फोन की फोटो और वीडियो चीन की सोशल ऐप Weibo पर देखी जा सकती है। ऐसे में शाओमी की क्वॉलिटी चेकिंग पर बड़ा सवाल उठता है, क्योंकि यदि फोन में फ्लैश लाइट है तो जाहिर-सी बात है कि उसका बैक पैनल भी उसी हिसाब से तैयार होगा।