Redmi Y3 के लिए अब नहीं करना होगा फ्लैश सेल का इंतजार

चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी ने अपनी इसी साल अप्रैल में वाय सीरीज का विस्तार करते हुए भारत में रेडमी वाय3 को लॉन्च किया था जो कि पिछले साल लॉन्च हुए रेडमी वाय2 का अपग्रेडेड वर्जन है। रेडमी वाय3 को अभी तक फ्लैश सेल के तहत बेचा जा रहा था लेकिन अब इस फोन को ओपन सेल में यानि किसी भी वक्त खरीदा जा सकता है। रेडमी वाय3 की खासियतों की बात करें तो इसमें 4000 एमएएच की बैटरी के साथ 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

रेडमी वाय3 की स्पेसिफिकेशन
फोन में 6.26 इंच की एचडी प्लस डॉट नॉच डिस्प्ले मिलेगी। डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन है। यह फोन बोल्ड रेड, प्राइम ब्लैक और एलिगेंट ब्लू कलर वेरियंट में मिलेगा। फोन में एक बार में 2 सिम कार्ड के साथ एक मेमोरी कार्ड इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए आपको तीन स्लॉट मिलेंगे। फोन में क्वॉलकॉम का ऑक्टाकोर 632 प्रोसेसर मिलेगा। फोन में आउट ऑफ बॉक्स एंड्रॉयड पाई 9.0 आधारित एमआईयूआई 10 मिलेगा। फोन पर पानी के हल्के छींटे का असर नहीं होगा। इसके लिए फोन में पी2आई कोटिंग दी गई है।

रेडमी वाय3 का कैमरा
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है जिसके साथ ऑटो एचडीआर, एआई पोट्रेट और फुल एचडी वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा मिलेगी। वहीं रेडमी वाय3 में डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 12 मेगापिक्सल का और दूसरा 2 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरे के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और इलेक्ट्रॉनिक इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट मिलेगा।