Redmi Smart Fire TV 32 Review: रेडमी का पहला FireOS स्मार्ट टीवी, 15 हजार से कम कीमत में क्या यह है बेस्ट?

रेडमी ने भारतीय स्मार्ट टीवी मार्केट में कुछ दिन पहले ही अपना पहला फायर ओएस टीवी Redmi Smart Fire TV 32 लॉन्च किया है। कंपनी ने पहली बार गैर-एंड्रॉयड टीवी पेश किया है। इसके साथ अमेजन का ऑपरेटिंग सिस्टम फायर ओएस मिलता है। टीवी के साथ 32 इंच की एचडी रिजॉल्यूशन स्क्रीन है। Redmi Smart Fire TV 32 के साथ बेहतर अमेजन, एलेक्सा स्ट्रीमिंग और स्मार्ट होम इकोसिस्टम का भी सपोर्ट है। टीवी में रिमोट के साथ म्यूट बटन और सेट-टॉप बॉक्स कंट्रोल की सुविधा दी गई है। रिमोट के साथ शाओमी ने पहली बार म्यूट बटन दिया है। पहले से मौजूद रिमोट के वॉल्यूम डाउन बटन को दो बार दबाने पर म्यूट होता था। टीवी सिंगल स्क्रीन साइज में आता है इसके 32 इंच वेरियंट की कीमत 13,999 रुपये है। टीवी को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए इसका रिव्यू जानते हैं...

Redmi Smart Fire TV 32 Review: डिजाइन
Redmi Smart Fire TV 32 के साथ प्रीमियम फ्रेम लेस मेटल डिजाइन मिलता है। टीवी के साथ बॉक्स में रिमोट, बैटरी, फाइबर स्टैंड दिया गया है। यानी आपको टीवी को दीवार पर लगाना है तो वॉल माउंट आपको अलग से खरीदना होगा। स्टैंड के साथ ग्रिपिंग अच्छी है तो यदि आप टीवी को स्टैंड के जरिए भी इस्तेमाल करते हैं तो यह टेबल से फिसलेगा नहीं। डिजाइन के मामले में टीवी काफी बढ़िया है और इसके साथ बहुत की कम बेजल्स मिलते हैं। टीवी की पैकिंग एक ऐसे कार्टन में की गई है जिसे पर डिजाइन बनाई गई है और डिजाइन को काटकर आप टेबल या स्टैंड बना सकते हैं।

Redmi Smart Fire TV 32 Review: कनेक्टिविटी और पोर्ट
टीवी की बॉडी मेटल की है। टीवी में कनेक्टिविटी और पोर्ट की बात करें तो इसके साथ दो HDMI पोर्ट 2.0 (HDMI 1 supports ARC), AV 1, दो यूएसबी पोर्ट, एक एवी इनपुट सॉकेट, वायर्ड हेडफोन या स्पीकर कनेक्टिविटी के लिए एक 3.5 मिमी सॉकेट, वायर्ड इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए एक ईथरनेट पोर्ट और एक एंटीना सॉकेट मिलता है।टीवी के साथ डुअल बैंड वाई-फाई ( Wifi 2.4GHz + 5GHz) मिलता है। टीवी के साथ मिलने वाले रिमोट का इस्तेमाल सेटटॉप बॉक्स के लिए भी किया जा सकेगा।