Micromax In 2b Review: बजट में एक बढ़िया प्योर एंड्रॉयड स्मार्टफोन
Micromax In 2b के लिए कंपनी नो हैंग फोन स्लोगल का इस्तेमाल कर रही है। माइक्रोमैक्स के इस फोन में 6.52 इंच की HD+ वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले है। इसके अलावा इसमें Unisoc T610 प्रोसेसर है।

घरेलू कंपनी माइक्रोमैक्स ने हाल ही में Micromax In 2b को भारत में लॉन्च किया है। यह फोन पिछले साल लॉन्च हुए Micromax In 1b का अपग्रेडेड वर्जन है। Micromax In 2b के लिए कंपनी नो हैंग फोन स्लोगल का इस्तेमाल कर रही है। माइक्रोमैक्स के इस फोन में 6.52 इंच की HD+ वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले है। इसके अलावा इसमें Unisoc T610 प्रोसेसर है। फोन में बैक फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। अधिकतर एंट्री लेवल स्मार्टफोन के साथ गेम खेलने में दिक्कत होती है लेकिन माइक्रोमैक्स ने अपने इस फोन लेकर कहा है कि ऐसी कोई समस्या नहीं आएगी। Micromax In 2b की शुरुआती कीमत अब 8,499 रुपये हो गई है। इस कीमत में 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी की स्टोरेज मॉडल मिलेगा। लॉन्चिंग ऑफर के तहत फोन को 7,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर बेचा जा रहा था। वहीं 6 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज की कीमत 8,999 रुपये है। फोन को ब्लैक, ब्लू और ग्रीन कलर में खरीदा जा सकेगा। माइक्रोमैक्स के इस फोन का मुकाबला हाल ही में लॉन्च हुए Realme C21Y के साथ है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह मेड इन इंडिया प्योर एंड्रॉयड फोन?

Micromax In 2b की डिजाइन जेनरल है। बैक पैनल पर एक टेक्चर है जो कि फोन को हाथ से फिसलने नहीं देता है। इस डिजाइन के कई फोन बाजार में आपको मिल जाएंगे। रियलमी के एंट्री लेवल फोन अक्सर इसी डिजाइन के साथ आते हैं। Redmi 9 Power की डिजाइन भी ऐसी ही है। फोन का वजन 190 ग्राम है, जिसे थोड़ा अधिक ही कहा जाएगा। फोन के बैक पैनल प्लास्टिक का है जिस पर उंगलियों के निशान नहीं आते हैं। डिस्प्ले के किनारे फ्लैट हैं, जबकि पैनल के किनारे कर्व्ड हैं।

स्क्रीन का पैनल भी इस सेगमेंट में बढ़िया कहा जाएगा। स्पीकर ग्रिल बैक पैनल पर दिया गया है, वहीं नीचे की ओर 3.5एमएम का हेडफोन जैक, यूएसबी टाईप-सी चार्जिंग पोर्ट है, सिम कार्ड ट्रे को लेफ्ट में, जबकि पावर और वॉल्यूम बटन को राइट में जगह मिली है। फोन की बिल्ड क्वॉलिटी अपनी सेगमेंट में अच्छी है। कुल मिलाकर Micromax In 2b एक अच्छी डिजाइन और लुक वाला स्मार्टफोन कहा जाएगा।


फोन में 6.52 इंच की HD+ डिस्प्ले है जिसकी ब्राइटनेस 400 निट्स है। डिस्प्ले का रिजॉल्यूशन 1600x720 पिक्सल है। डिस्प्ले की स्टाइल नॉच है और बेजल बहुत ही कम मिलते हैं। व्यूइंग एंगल अच्छा है और कलर्स भी शार्प और अच्छे दिखते हैं।
Micromax In 2b Review: परफॉर्मेंस
Micromax In 2b में स्टॉक एंड्रॉयड 11 दिया गया है। इसे आप एक प्योर एंड्रॉयड फोन भी कह सकते हैं। इसमें किसी तरह के फालतू एप या ब्लॉटवेटर प्री-इंस्टॉल नहीं मिलते हैं। ऐसे में आपको फालतू के नोटिफिकेशन भी नहीं मिलते। सीधे शब्दों में कहें तो Micromax In 2b सॉफ्टवेयर के मामले में एक साफ सुथरा स्मार्टफोन है। फोन में Unisoc T610 प्रोसेसर है जो कि एक ऑक्टाकोर प्रोसेसर है। इसमें 6 जीबी तक रैम के साथ 64 जीबी तक की स्टोरेज है जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से 256 तक बढ़ाया जा सकेगा।

Micromax In 2b में Unisoc T610 प्रोसेसर है जो कि एक नया प्रोसेसर है। इसमें दो एआरएम Cortex-A75 कोर्स और Cortex-A55 कोर्स हैं। इस प्रोसेसर की अधिकतम क्लॉक स्पीड 1.8Ghz है। कई सारे एंट्री लेवल स्मार्टफोन में आपको यह प्रोसेसर देखने को मिल जाएगा।

हाल ही में लॉन्च हुए Realme C21Y में भी Unisoc T610 प्रोसेसर ही है। रियलमी के इस फोन की शुरुआती कीमत 8,999 रुपये है। फोन में eMMC 5.1 स्टोरेज और LPDDR4x रैम है। इस फोन में एक भी थर्ड पार्टी एप प्री-इंस्टॉल नहीं मिलता है।

स्पीकर की आवाज पर्याप्त है। एक से दूसरे एप में स्विच करना आसान है। मल्टीटैब ओपन करने पर भी कोई परेशानी नहीं होती है। वैसे तो माइक्रोमैक्स का यह फोन एक एंट्री लेवल स्मार्टफोन है लेकिन इसकी परफॉर्मेंस किसी मिडरेंज स्मार्टफोन जैसी है। फोन में आप Call of Duty जैसे गेम भी लो ग्राफिक्स और मीडियम फ्रेम रेट पर आसानी से खेल सकते हैं। कंपनी के वादे के मुताबिक फोन हैंग नहीं होता है और गेमिंग स्मूथ है। फोन गर्म भी नहीं होता है।