Best SmartPhone: 30 हजार रुपये की रेंज में बेस्ट 5G स्मार्टफोन, सपोर्टेड बैंड्स भी जानें

भारतीय स्मार्टफोन मार्केट अब पहले के मुकाबले बहुत बड़ा हो गया है। साथ ही भारत में 5G की लॉन्चिंग के बाद से 5जी स्मार्टफोन की मांग भी काफी बढ़ गई है। पहले के मुकाबले स्मार्टफोन की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। फ्लैगशिप स्मार्टफोन की कीमत तो आसमान छू रही है। अब स्मार्टफोन कंपनियां एक की रेंज में कई सारे स्मार्टफोन ऑफर कर रही हैं, जो कि यूजर्स की जरूरत को ध्यान में रखकर पेश किए जा रहे हैं। अब मार्केट में मिड- रेंज और प्रीमियम मिड- रेंज में OnePlus, Samsung, Redmi, और Realme जैसे ब्रांड अच्छे स्मार्टफोन के साथ आ रहे हैं। यदि आप 4G से 5G पर अपग्रेड करने के बारे में सोच रहे हैं और 30 हजार से कम कीमत में किसी अच्छे 5G फोन की तलाश में हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिपोर्ट में हम आपको 30 हजार रुपये से कम वाले शानदार स्मार्टफोन के बारे में बताएंगे और उनके 5G सपोर्टेड बैंड्स की भी जानकारी देंगे। चलिए जानते हैं।

Redmi Note 12 Pro Plus 5G
30 हजार से कम कीमत में रेडमी की तरफ से रेडमी नोट 12 प्रो प्लस 5जी फोन आता है। इस फोन की शुरुआती कीमत 29,999 रुपये है। इस कीमत पर 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट मिलता है। Redmi Note 12 Pro+ 5G में एंड्रॉयड 12 के साथ MIUI 13 है। इसमें 6.67 इंच की फुल एचडी प्लस एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 900 निट्स है। फोन में मीडियाटेक Dimensity 1080 प्रोसेसर के साथ 12 जीबी तक LPDDR4X रैम मिलती है।
फोन में तीन रियर कैमरे हैं जिनमें प्राइमरी लेंस 200 मेगापिक्सल का है। यह लेंस Samsung HPX है, इसके साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन भी मिलता है। दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल है और तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का है। सेल्फी के लिए फोन में 16 मेगापिक्सल का कैमरा है। फोन में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ 4980mAh की बैटरी है जिसके साथ 120W की फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है। फोन में नौ 5G बैंड का सपोर्ट है।

OnePlus Nord 2T 5G
30,000 रुपये की कीमत में वनप्लस के कई सारे अच्छे फोन मार्केट में उपलब्ध हैं। लेकिन OnePlus Nord 2T 5G इस रेंज में सबसे अच्छे ऑप्शन में से एक है। इस फोन में एंड्रॉयड 12 आधारित OxygenOS 12.1 मिलता है। फोन में 6.43 इंच की फुल एचडी प्लस एमोलेड डिस्प्ले मिलती है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट और HDR10+ के सपोर्ट के साथ आती है। डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास 5 की प्रोटेक्शन भी है। फोन में मीडियाटेक हीलियो Dimensity 1300 प्रोसेसर की पावर के साथ 12 जीबी तक LPDDR4X रैम और 256 जीबी तक की स्टोरेज दी गई है।
फोन में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी लेंस Sony IMX766 सेंसर के साथ आता है, जिसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन भी मिलता है। दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का Sony IMX355 अल्ट्रा वाइड सेंसर और तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम मिलता है। फोन में 32 मेगापिक्सल का Sony IMX615 सेंसर दिया गया है। फोन में 4500mAh की बैटरी और 80W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग मिलती है। इस फोन को 28,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है और इसके साथ आठ 5G बैंड का सपोर्ट मिलता है।