23 ग्रैंड स्लैम जीत चुकीं सेरेना विलियम्स फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में पहुंच गईं हैं। उन्होंने चेक रिपब्लिक की क्रिस्टियाना पिल्सकोवा को 7-6, 6-4 से हराया। पिछले साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद से यह उनकी पहली जीत है।
हालांकि सेरेना की इस जीत के साथ अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल क्रिस्टियाना पिल्सकोवा के खिलाफ इस मुकाबले में सेरेना एक स्पेशल 'कैट सूट; पहनकर उतरी थीं।
सेरेना के खिलाफ यह मुकाबला हारने के बाद हार से झल्लाई क्रिस्टियाना पिल्सकोवा ने मीडिया में एक बेहद विवादास्पद बयान दे डाला। सेरेना के ड्रेस के बारे में एक सवाल पर पिल्सकोवा ने कहा, 'मुझे नहीं पता सेरेना ने क्या पहना था। शायद वो एक न्यूप्रीन कपड़ा था। सेरेना ने कोर्ट में ऐसा ड्रेस पहनकर नियमों का उल्लंघन किया है। इससे तो बेहतर होता कि वह न्यूड होकर कोर्ट में खेल लेतीं।'
वहीं सेरेना ने इस ड्रेस के बारे में कहा था, 'यह सूट मारवेल कॉमिक्स के सुपरहीरो ब्लैक पैंथर के सूट से प्रभावित है। मैं हमेशा से ही एक सुपरहीरो बनना चाहती थी और इसे पहनकर मुझे वैसे ही लग रहा है। मुझे इस सूट को पहनकर एक योद्धा की अनुभूती हो रही है।'
इससे पहले सेरेना ने बताया था कि इस ब्लैक सूट को पहनने के पीछे सेरेना के स्वास्थ्य संबंधी कारण हैं। उनका कहना है कि पिछले साल सितंबर में बेटी के जन्म के बाद उन्हें खून के थक्कों की समस्या होने लगी। वह इस प्रकार के सूट को इसलिए पहन रही हैं, ताकि उनके शरीर में खून सही तरीके से प्रवाहित हो सके।