जापान की नाओमी ओसाका ने शनिवार को पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। नाओमी ने पेट्रा क्विटोवा को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 7-6 (7-2) 5-7 6-4 से मात दी। जापानी टेनिस खिलाड़ी ने तीन घंटे के भीतर मुकाबला अपने नाम किया। नाओमी ने दूसरी बार ग्रैंडस्लेम का खिताब जीता। इससे पहले उन्होंने पिछले साल यूएस ओपन का खिताब जीता था। नाओमी की फैन लिस्ट में एक स्टार क्रिकेटर शामिल हो गया है, जिन्होंने सोशल मीडिया पर युवा खिलाड़ी की तारीफ की।
ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन का फैन हुआ स्टार क्रिकेटर, इशारों में सेरेना का उड़ा दिया मजाक
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्टार क्रिकेटर एबी डीविलियर्स ने ओसाका की जमकर तारीफ की। बता दें कि मेलबर्न की गर्मी में ओसाका ने क्विटोवा को मात देकर यादगार जीत हासिल की। कई लोगों ने ओसाका की तारीफ की जबकि 23 बार की ग्रैंडस्लेम विजेता सेरेना विलियम्स का मजाक उड़ाया।
दरअसल, सेरेना को पिछले साल ओसाका से यूएस ओपन में शिकस्त झेलनी पड़ी थी। तब सेरेना ने अपनी हार स्वीकारने की बजाय अंपायर कार्लोस रामोस पर भड़ास निकाली। इस घटना से जापानी खिलाड़ी अपने आंसूओं पर काबू नहीं कर सकीं और ट्रॉफी लेने के बाद वाइजर के पीछे छिपने की कोशिश की। उस समय अमेरिकी दर्शकों ने ओसाका का काफी मजाक बनाया और उनके लिए ट्रॉफी लेना सुखद अनुभव नहीं बन पाया।
बहरहाल, इस बार ओसाका की जमकर तारीफ हो रही है। एबी डीविलियर्स ने विशेष ट्वीट करके युवा खिलाड़ी का हौसला बढ़ाया। डीविलियर्स ने दो ग्रैंडस्लेम जीतने पर ओसाका की तारीफ की जबकि इशारों-इशारों में सेरेना का मजाक भी बना दिया। डीविलियर्स ने ट्वीट किया, '2 मेजर एक साल में। इस बार उन्हें पल का आनंद उठाने की इजाजत मिली। जीत की प्रबल दावेदार थीं।'
2 majors in a row! This time she’s been “allowed” to enjoy the moment. Much deserved #OsakaKvitova #AustralianOpen
एबीडी ने यूएस ओपन के समय भी ट्वीट किया था। तब उन्होंने लिखा था, 'कोई भी पहला मेजर खिताब दर्शकों की चिढ़ के सामने लेना पसंद नहीं करेगा। सेरेना परिस्थिति को अच्छे से संभाल सकती थीं। युवा लड़की को उस पल का आनंद लेने देना चाहिए था। सभी पेशेवर एथलीट्स के पल हाते हैं जब उन्हें महसूस होता है कि कड़ी मेहनत का फल मिला। हारने वाले को अपना सिर झुकाकर इससे लड़ते हुए आगे बढ़ने के बारे में विचार करना चाहिए।'