फ्रांस ने रविवार को मॉस्को के लुजिन्हकी स्टेडियम पर फाइनल मुकाबले में क्रोएशिया को 4-2 से रौंदते हुए फीफा विश्व कप 2018 का खिताब जीता। मैच से पूर्व एक भालू चर्चा का विषय बना था, जिसने विजेता को लेकर भविष्यवाणी की थी।
ऐसी जानकारी मिली कि इस साईबेरियन भालू का नाम बुयान है, जोकि रोयेव रूचे चिड़ियाघर में रहता है। भालू ने रविवार को क्रोएशिया और फ्रांस के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले बड़े ही मजेदार अंदाज में भविष्यवाणी की।
दरअसल, बुयान के सामने एक तरबूज को दो टुकड़ों को अलग-अलग रखा गया था। एक टुकड़े पर क्रोएशिया तो दूसरे पर फ्रांस का झंडा लगाया गया था। थोड़ी देर खामोश खड़े रहने के बाद बुयान आगे आया और क्रोएशिया वाले तरबूज के टुकड़े को खाना शुरू कर दिया।
भालू के तरबूज का टुकड़ा खाते ही ऐलान कर दिया गया कि क्रोएशिया के सिर विश्व कप का ताज सजेगा क्योंकि बुयान ने क्रोएशिया का तरबूज खाया है। हालांकि, यह भविष्यवाणी बिलकुल गलत साबित हुई और फ्रांस ने एकतरफा मैच में क्रोएशिया को 4-2 के विशाल अंतर से रौंद दिया।
वैसे यह पहला मौका नहीं जब फीफा विश्व चैंपियन को लेकर ऐसी भविष्यवाणी हुई हो। इससे पहले बिल्ली, बकरी और दरियाई घोड़े जैसे जानवरों ने भी फीफा विश्व कप 2018 के चैंपियन को लेकर भविष्यवाणी की थी। फ्रांस के मबापे को उदीयमान खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। क्रोएशिया के कप्तान लुका मोड्रिक को गोल्डन बॉल के खिताब से सम्मानित किया गया।