अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी आखिरी बार राष्ट्रीय टीम के लिए मैदान पर खेलने उतरे। मेसी के विदाई मैच में अर्जेंटीना का सामना बेनिन से हुआ जिसमें अर्जेंटीना ने 3-0 की जीत दर्ज की। मैच के बाद मेसी ने फैंस को संबोधित किया और विदाई भाषण दिया। मेसी ने इस दौरान अपने सफर को लेकर बात की और फैंस को लगातार उनका समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।
2 of 3
लियोनल मेसी
- फोटो : FIFA.com
मेसी के लिए यादगार रहा मुकाबला
लियोनल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला यादगार अंदाज में खत्म किया। ब्यूनस आयर्स के मॉन्यूमेंटल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने बेनिन को 3-0 से हराया। मेसी ने टीम के तीनों गोल में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दो गोल में असिस्ट किया, जबकि एक गोल पेनल्टी पर खुद दागा। विदाई समारोह में लियोनल मेसी ने हाथ में माइक थामा तो पूरा स्टेडियम उनकी बात सुनने के लिए शांत हो गया। मेसी ने अर्जेंटीना की जर्सी में बिताए अपने सफर के मुश्किल दौर से लेकर जीती गई ट्रॉफियों तक को याद किया।
मेसी ने कहा, 'काश, मैं पूरी जिंदगी अर्जेंटीना के लिए खेल पाता।' यह सुनते ही पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। इसके बाद मेसी ने अपने साथियों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा इस जर्सी के लिए अपना सब कुछ दिया। मेसी ने कहा कि उनके साथियों ने उनका सपना पूरा करने में मदद की और विश्व कप, कोपा अमेरिका समेत कई बड़ी ट्रॉफियां जिताने में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, 'हमने गर्व के साथ खेला और हर टीम के खिलाफ मुकाबला किया। मुझे पता था कि मैं दिग्गजों से घिरा हुआ हूं।'
3 of 3
लियोनल मेसी
- फोटो : @AFASeleccionEN
मेसी ने प्रशंसकों को कहा शुक्रिया
मेसी ने इसके बाद अर्जेंटीना के प्रशंसकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में जहां भी कदम रखा, स्टेडियम हमेशा खचाखच भरे मिले। उन्होंने कहा, 'मैं इन सभी पलों के लिए आपका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मैं जहां भी गया, स्टेडियम भरा हुआ था। विश्व कप हो या कोपा अमेरिका, आप हर जगह मौजूद थे। हम जहां भी गए, ऐसा लगा जैसे अपने घर में खेल रहे हों।' मेसी ने कहा कि यहां खेलना उनके जीवन के सबसे खुशहाल पलों में से एक रहा और विश्व कप जीतने के बाद पहली बार खेलने की रात को वह कभी नहीं भूलेंगे।
विदाई के इस मौके पर मेसी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, 'शायद ये मेरी जिंदगी और करियर के सबसे दुखद दिनों में से हैं। मैं आपको बहुत याद करूंगा, राष्ट्रीय टीम के इन रंगों को भी।' उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अर्जेंटीना की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों का हमेशा समर्थन करते रहेंगे और कहा कि टीम को अपने बड़े लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए एकजुट रहना होगा। अंत में मेसी ने कहा, 'मैं इस जगह, इस मैदान को छोड़ना नहीं चाहता। मैं आपसे प्यार करता हूं, आपको बहुत याद करूंगा और अर्जेंटीना का होने पर मुझे गर्व है।'