हिमाचल प्रदेश में येलो और ऑरेंज अलर्ट के बीच मार्च के अंतिम सप्ताह में चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। प्रदेश में मंगलवार को दूसरे दिन भी बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहा। लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। हिमपात से जनजातीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अटल टनल रोहतांग को खराब मौसम के चलते फिलहाल पर्यटकों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया है।
तस्वीरें: हिमाचल में चोटियों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, अटल टनल बंद, शिमला में बारिश
जलोड़ी दर्रा भी वाहनों के लिए बंद है। ताजा हिमपात से लाहौल घाटी में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। अटल टनल रोहतांग के साथ नेशनल हाईवे 305 पर वाहनों की आवाजाही ठप है। रोहतांग में अभी तक 75 सेंटीमीटर, कोकसर में एक फीट, अटल टनल के दोनों छोर में 20 सेंटीमीटर, सोलंगनाला में सात, जलोड़ी दर्रा में करीब 30 और सोझा में 20 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई है।
बंजार की ऊंची चोटियों जलोड़ी दर्रा, बूंगा, थीहणी, लांबा लांबरी, टील बछूट, गाड़ागुशैणी, बठाहड़, बशलेऊ दर्रा, घुशू-पुशू सहित अन्य ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। एसडीएम बंजार हेम चंद्र वर्मा ने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं। पर्यटकों व स्थानीय लोगों से जलोड़ी दर्रा की तरफ न जाने की अपील की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहायक अभियंता टहल सिंह शर्मा ने कहा कि जलोड़ी दर्रा की तरफ वाहनों की आवाजाही ठप है। जैसे ही मौसम साफ होगा तो सड़क को बहाल किया जाएगा।
सिरमौर के चूड़धार, कांगड़ा जिले में त्रियूंड की पहाड़ियों, किन्नौर और चंबा के भरमौर की चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। चंबा जिले के पांगी समेत ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी हुई है। वहीं पिछले दो दिनों से चंबा में बारिश दर्ज की गई है।
कांगड़ा जिले में धौलाधार की चोटियां बर्फ से सफेद हो गई हैं। पालमपुर, थुरल के अलावा अन्य भागों में बारिश दर्ज की गई है। हमीरपुर में मूसलाधार बारिश और तूफान से जनजीवन अस्तव्यस्त हुआ है। प्रदेश में आज भी भारी बारिश और बर्फबारी का येलो, ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।