हिमाचल प्रदेश के कई भागों में जारी भारी बारिश के चलते व्यापक नुकसान हुआ है। शिमला सहित राज्य के अन्य जिलों में रात से जारी बारिश के चलते बुधवार सुबह 63 सड़कें यातायात के लिए बाधित थीं। 319 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप थे। शाम को काफी संख्या में सड़कों व बिजली ट्रांसफार्मर को बहाल कर दिया गया। मंडी, चंबा व कुल्लू में सबसे अधिक ट्रांसफार्मर प्रभावित रहे। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। बीती रात कटौला में154.4, पंडोह 106.0, सुजानपुर टिहरा 80.0, गोहर 55.0, जोत 54.0,धर्मशाला 48.4, काहू 46.5, मशोबरा 45.0, बग्गी 40.2, मंडी 34.2, बलदवाड़ा 32.5 और सुंदरनगर में 30.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
Himachal Weather: भारी बारिश से मंडी के सराज में तबाही, पंडोह डैम के पास हाईवे धंसा, देखें तस्वीरें
मंडी जिले में पंडोह डैम के पास लगभग 40 करोड़ की लागत से डंगा लगाकर करीब आठ महीने बाद बहाल हुए चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर एक बार फिर से खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। डंगा लगाकर तैयार किया गया नेशनल हाईवे एक बार फिर से धंसने की कगार पर आ गया है। हाईवे पर दरारें पड़ना शुरू हो गई हैं, जोकि धीरे-धीरे बढ़ती जा रही हैं। हालांकि अभी यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। एनएच पर कैंची मोड़ के पास भूस्खलन हो गया। इसकी जद में एक ट्रक आ गया है। यह ट्रक खराब होने के चलते यहां खड़ा किया गया था। मलबे की चपेट में आने से ट्रक को नुकसान पहुंचा है।
4 मील के पास धंस गया डंगा
मंडी से पंडोह के बीच 4 मील के पास जिस डंगे के धंसने का मामला दो दिन पहले प्रमुखता से उठाया गया था वो बीती रात को हुई बारिश के कारण धंस गया है। डंगा धंसने के कारण हाईवे के बंद होने का खतरा भी मंडराने लगा है। हालांकि, अभी यहां पर एकतरफा यातायात बहाल है लेकिन सड़क पर बड़ी बड़ी दरारें आ गई हैं जिस कारण हाईवे के और ज्यादा क्षतिग्रस्त होने की संभावना बन गई है।
यदि हाईवे यहां बंद होता है तो एक बार फिर कुल्लू मनाली आने-जाने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में वैकल्पिक मार्गों के अलावा और कोई विकल्प शेष नहीं रह जाएगा। लेकिन पंडोह और इसके साथ लगते इलाकों के लोगों को मंडी तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। यहां के बहुत से लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए मंडी आते-जाते हैं। स्कूल और कॉलेज के बच्चे बड़ी संख्या में रोज इस हाईवे पर सफर करते हैं।
डंगा धंसने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटौला का भवन खतरे की जद में, मंडी-पराशर सड़क क्षतिग्रस्त
भारी बारिश के चलते जिला मंडी जिले के उतरशाल क्षेत्र की पंचायत कटौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन खतरे की जद में आ गया है। भारी बारिश से भवन के आगे लगा डंगा धंस गया है। दूसरी तरफ मंडी से पराशर जाने वाली सड़क बाग्गी में भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गई है।