राज्य मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के स्थान पर राज्य चयन आयोग की स्थापना का फैसला लिया है। राज्य चयन आयोग सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बोर्डों, निगमों, स्थानीय निकायों में ग्रुप सी के विभिन्न पद भरने के लिए भर्ती परीक्षा करवाएगा। गुरुवार को प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए विधानसभा के मानसून सत्र में लाने का फैसला लिया गया। इसके अलावा आपदा के बीच सरकार विभिन्न महकमों में 1383 पद भरेगी।
हिमाचल कैबिनेट फैसले: राज्य चयन आयोग बनेगा, 1383 पद भरेगी सरकार, एसएमसी शिक्षकों और जलवाहकों का मानदेय बढ़ाया
स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति में संशोधन की मंजूरी
बैठक में जलवायु, भौगोलिक और अन्य कारणों से मंदी की अवधि के दौरान ऊर्जा की कमी का प्रबंधन करने के लिए स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को भी स्वीकृति दी। नए प्रावधान के तहत छत पर सौर परियोजना स्थापित करने को प्रोत्साहन प्रदान कर विद्युत उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदेश मंत्रिमंडल ने राजस्व अनुकूलन के लिए वित्त वर्ष 2024-25 से बिजली बोर्ड, पॉवर कारपोरेशन और ऊर्जा निदेशालय के संबंध में रणनीतिक और विद्युत के क्रय एवं विक्रय के समन्वय के लिए एकल ऊर्जा ट्रेडिंग डेस्क स्थापित करने का निर्णय भी लिया।
एसएमसी- कंप्यूटर शिक्षकों व अंशकालिक जलवाहकों का मानदेय बढ़ाया
बैठक में एसएमसी शिक्षकों के मानदेय को 1 अप्रैल 2023 से 2,000 रुपये प्रतिमाह बढ़ाने का फैसला लिया गया। इस निर्णय से 2,115 शिक्षक लाभान्वित होंगे। शिक्षा विभाग में कार्यरत अंशकालिक जलवाहकों के मानदेय को 1 अप्रैल 2023 से 3900 रुपये से बढ़ाकर 4400 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया। इससे 283 जलवाहकों को लाभ मिलेगा। मंत्रिमंडल ने जनजातीय क्षेत्र नियम 1995 के लिए किसी एक विशेष योजना के लिए बीजक बजट में व्यय की अधिकतम सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये करने का भी निर्णय लिया। इसके अलावा 1300 कंप्यूटर शिक्षकों का मानदेय भी 2,000 रुपये बढ़ाया गया है।
पुलिस कांस्टेबलों के 1226 पद भरने की मंजूरी
राज्य मंत्रिमंडल ने पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 1226 पद भरने का निर्णय लिया। इनमें 877 पुरुष कांस्टेबल, 292 महिला कांस्टेबल व 57 कांस्टेबल चालक शामिल हैं। अवैध खनन से संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने के दृष्टिगत उद्योग विभाग में खनन निरीक्षक के 12 पद, सहायक खनन निरीक्षक के 24 पद और खनन रक्षक के 38 पद भरने का भी निर्णय हुआ। उद्यान विभाग में बागवानी प्रसार अधिकारी के 50 पद भरने का भी निर्णय लिया गया।
ये पद भी भरे जाएंगे
इसके अतिरिक्त आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में सांख्यिकी सहायक के 10 पद भरने को भी स्वीकृति दी गई। मंत्रिमंडल ने लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय हमीरपुर में विभिन्न विभागों में सह-आचार्य एवं सहायक आचार्य के आठ पद सृजित कर भरने व इंदिरा गांधी राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय शिमला में सहायक आचार्य का एक पद भरने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने ऊना जिला की टाहलीवाल पुलिस चौकी को स्तरोन्नत कर पुलिस थाना बनाने तथा यहां विभिन्न श्रेणियों के 14 पद सृजित कर भरने को भी स्वीकृति प्रदान की।