हिमाचल में बंपर भर्तियां निकली हैं। शिक्षकों के 1800 नए पद भरे जाएंगे। वित्त महकमे ने टीजीटी और जेबीटी के पद भरने को मंजूरी दे दी है। बुधवार से शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर देगा।
प्रदेश के स्कूलों में रिक्त पदों पर हाईकोर्ट के कड़े संज्ञान के बाद हरकत में आई प्रदेश सरकार ने शिक्षकों की जल्द भर्ती का फैसला लिया है। शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि शिक्षकों की अन्य श्रेणियों के रिक्त पद भी जल्द भरे जाएंगे।
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर बीते सप्ताह हिमाचल हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग को जमकर लताड़ लगाई थी। इसी कड़ी में शिक्षा सचिव को हाईकोर्ट में तलब भी किया।
भर्ती को लेकर शिक्षा विभाग जल्द नियम तय करेगा। बता दें कि प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों में 1754, अपर प्राइमरी स्कूलों में 2499 और सीएंडवी अध्यापकों (ओरल टीचर, भाषा अध्यापक, कला अध्यापक और शारीरिक शिक्षा अध्यापक) के 5277 पद रिक्त हैं। पद रिक्त होने के चलते ही शिक्षा विभाग के लिए शिक्षकों की तनख्वाह देने को जारी कुल बजट का 23 प्रतिशत हिस्सा लैप्स हो जाता है।
प्रदेश सरकार बुधवार को शिक्षक भर्ती को लेकर हाईकोर्ट में अपनी योजना बताएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद भी इस मामले को लेकर शिक्षा सचिव से चर्चा की।