सीधी जिले के खड्डी खुर्द गांव की 22 वर्षीय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर लीला साहू ने अपने गांव की बदहाल सड़क के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया था। लीला ने गर्भवती होने के बाद फिर से एक वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड किया था। अब आखिरकार सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। लीला की ये लड़ाई कब शुरू हुई थी। ये पूरा मामला क्या है। आइए जानते हैं।
2 of 5
लीला साहू ने वीडियो बनाकर जुलाई 2024 में सड़क बनाने की मांग की थी
- फोटो : अमर उजाला
पहली आवाज: जुलाई 2024 में उठाई सड़क की मांग
सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर लीला ने जुलाई 2024 में पहला वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने बगैया टोला से गजरी तक की 10 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क की हालत दिखाते हुए सड़क निर्माण की मांग की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री मोहन यादव और अन्य जनप्रतिनिधियों को टैग किया। वीडियो वायरल हुआ लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाया गया।
3 of 5
जुलाई 2025 में लीला ने दूसरा वीडियो पोस्ट किया था।
- फोटो : अमर उजाला
सड़क के लिए बुलंद की आवाज
जुलाई 2025 में लीला ने सोशल मीडिया में दूसरा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वे 9वें महीने की गर्भवती हैं। गांव की अन्य छह महिलाओं को भी सड़क की बदहाली के कारण समय पर अस्पताल पहुंचने की चिंता सता रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई टीवी चैनलों ने इसे प्रमुखता से दिखाया। लीला की मुहिम पर सांसद राजेश मिश्रा का बयान विवादों में घिर गया। उन्होंने कहा, "डिलीवरी की तारीख बताओ, एक हफ्ते पहले अस्पताल में भर्ती करा देंगे।" लीला ने पलटवार करते हुए पूछा, "क्या हर गर्भवती महिला के लिए हेलीकॉप्टर भेजेंगे?" इस बयान की चौतरफा आलोचना हुई।
4 of 5
गर्भवती महिला की अपील से गांव को मिली सड़क
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली जाने की थी तैयारी
लीला ने घोषणा की थी कि डिलीवरी के बाद वह दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगी और सड़क की मांग को सामने रखेंगी। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उनकी यह योजना टल गई। लगातार सोशल मीडिया दबाव और लीला की अडिग मुहिम के बाद चुरहट विधायक ने सड़क निर्माण शुरू करवाया है। जुलाई 2025 में जेसीबी और रोलर के साथ काम की शुरुआत हुई, जिसका वीडियो खुद लीला ने साझा किया।
5 of 5
सीधी के खड्डी खुर्द में शुरू हुआ सड़क निर्माण
- फोटो : अमर उजाला
गांव को मिली बड़ी राहत
अब एंबुलेंस सहित अन्य वाहन गांव तक पहुंच सकेंगे। ग्रामीणों, विशेष रूप से महिलाओं और स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली है। यह सड़क दशकों से निर्माण की राह देख रही थी। लीला साहू की इस मुहिम ने साबित कर दिया कि एक आम नागरिक की आवाज भी अगर मजबूत हो तो व्यवस्था को बदल सकती है। यह घटना न केवल खड्डी खुर्द, बल्कि पूरे सीधी जिले के लिए प्रेरणा बन गई है।