इंदौर में एक और फ्लायओवर ब्रिज बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। सुपर कॉरिडोर और एमआर 10 को जोड़ने वाले लवकुश चौराहे पर सिक्सलेन ब्रिज बनाया जाएगा। इसका भूमिपूजन करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर पहुंचे थे। 56.67 करोड़ रुपये की लागत से इस ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
इंदौर पहुंचे सीएम शिवराज ने इस अवसर पर बाणगंगा क्षेत्र से लवकुश चौराहे होकर अरविंदो हॉस्पिटल तक एक और फ्लाय ओवर ब्रिज बनाने की घोषण भी की। सीएम ने कहा कि अब इंदौर नई उड़ान भरने के लिए तैयार हो गया है। इंदौर आने वाले 10 वर्षों में हैदराबाद और बैंगलोर जैसे शहरों को पीछे छोड़ देगा। इंदौर मेट्रो का कार्य तेज गति से हो रहा है। इंदौर मेट्रो का कार्य पूरा होने के बाद मेट्रो का विस्तार किया जाएगा। विस्तार में मेट्रो को सांवेर से होकर उज्जैन भी ले जाया जाएगा।
2 of 3
सीएम ने कहा कि अब इंदौर नई उड़ान भरने के लिए तैयार हो गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
तीन और फ्लायओवर बनाएंगे
मुख्यमंत्री ने लवकुश चौराहे पर बनने वाले फ्लायओवर के कार्यक्रम में कहा कि इंदौर में 3 और फ्लायओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। 41.18 करोड़ रुपये की लागत से खजराना चौराहे पर और 47.27 करोड़ रुपये की लागत से भंवरकुआ चौराहे पर भी फ्लाय ओवर बनेगा। साथ ही फूटी कोटी चौराहे पर फ्लाय ओवर बनाने के लिए मिट्टी परीक्षण का कार्य प्रारम्भ भी कर दिया गया है।
इंदौर में स्टार्टअप पार्क बनाएंगे
शिवराज सिंह ने युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक साल में एक लाख पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में रोजगार बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। इंदौर और मध्यप्रदेश के युवा प्रतिभाशाली हैं। उनको रोजगार देने के लिए इंदौर में स्टार्टअप पार्क बनाएंगे और पूंजी निवेश की व्यवस्था करेंगे ताकि प्रदेश के युवा रोजगार लेने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बनें। साथ ही जो युवा अपना काम धंधा शुरू करना चाहते हैं उनको उद्यम क्रांति योजना के तहत 1 लाख रुपये से 50 लाख रुपये तक का लोन बैंक देगी। इसकी गारंटी युवाओं के मम्मी पापा नहीं मामा देंगे।
3 of 3
सुपर कॉरिडोर और एमआर 10 को जोड़ने वाले लवकुश चौराहे पर सिक्सलेन ब्रिज बनाया जाएगा।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर में होगा प्रवासी भारतीय सम्मेलन
सीएम ने कहा कि 7 से 9 जनवरी तक इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन आयोजित होगा। यहां 77 देशों के भारतीय आएंगे। साथ ही 10 और 11 जनवरी को इंदौर में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट होगी। इसके अलावा भारत में जी-20 का सम्मेलन होगा। इसका एक कार्यक्रम इंदौर में होगा। इस दौरान इंदौर को इस रूप में प्रस्तुत करेंगे कि दुनिया देखती रह जाएगी।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायकगण रमेश मेंदोला, महेन्द्र हार्डिया, मालिनी गौड़, आकाश विजयवर्गीय, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, गौरव रणदिवे, सावन सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिकजन उपस्थित रहे।