नगर निगम जोन छह की जोनल अधिकारी और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की रिश्तेदार अम्बी बिष्ट को अनुशासनहीनता और काम में लापरवाही को लेकर नगर आयुक्त ने देर शाम निलंबित करने की संस्तुति शासन को भेज दी। उनकी जगह नए जोनल अफसर की तैनाती भी कर दी गई है।
मामले को लेकर सरकार में शीर्ष पदों पर बैठे कुछ नेताओं ने भी नगर आयुक्त से बात कर अम्बी की पैरवी की, लेकिन वह नहीं माने। ऐसे में अब यह विवाद और गहरा सकता है। वहीं, दूसरी ओर अम्बी बिष्ट ने नगर आयुक्त पर ही महिला अफसर से अभद्रता और बेवजह ही कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनका यह भी कहना है कि उन्हें एलडीए से लेकर नगर निगम तक सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि उनकी रिश्तेदारी प्रदेश के एक बड़े राजनैतिक परिवार से है।
जवाब देने पर उखड़ गए नगर आयुक्त
गृहकर वसूली, सफाई सहित अन्य कार्यों को लेकर नगर निगम मुख्यालय में शाम को बैठक हुई। इसमें नगर आयुक्त ने अम्बी बिष्ट को अतिक्रमण, सर्फाइ, एक जगह डस्टबिन रखने के काम में लापरवाही किए जाने को लेकर टोका तो उन्होंने उसका जवाब दे दिया। इससे विवाद बढ़ गया और नगर आयुक्त ने अम्बी बिष्ट को बैठक से जाने के लिए कह दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। बाद में अम्बी बिष्ट की जगह नई आई उप नगर आयुक्त प्रज्ञा सिंह की तैनाती भी कर दी।
3 of 5
अंबी बिष्ट।
- फोटो : amar ujala
बताएं क्या लापरवाही की : अम्बी
जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट का कहना है कि नगर आयुक्त पहले यह तो बताएं कि उन्होंने काम में लापरवाही क्या की। सुबह से लेकर रात तक काम करते हैं। अब गोमती नगर और पुराने लखनऊ की बराबरी तो नहीं हो सकती। नगर आयुक्त को पुरानी खुन्नस है। इसी का बदला उन्होंने लिया और भरी बैठक में एक महिला से अभद्रता की। नगर आयुक्त का बार-बार यह कहना कि मैडम आप मीटिंग से जाइए, यह बहुत अपमानजनक है। उन्हें निलंबित करने का अधिकार नहीं है। वह सिर्फ शासन रिपोर्ट भेज सकते हैं।
4 of 5
अंबी बिष्ट।
- फोटो : amar ujala
दो साल पहले महारानी कहने पर हो गया था विवाद
दो साल पहले नगर निगम कार्यकारिणी बैठक के दौरान भी अम्बी बिष्ट को महारानी कहने पर खूब विवाद हुआ था। भाजपा के एक पार्षद ने उन्हें कार्यकारिणी बैठक में महारानी बोल दिया था, जिस पर वह नाराज हो गई थीं। इसे लेकर कार्यकारिणी में धरना-प्रदर्शन तक हो गया था। बाद में महापौर और अन्य अफसरों ने बीच-बचाव कर शांत कराया था।
नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने कहा कि काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में जोन छह की जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट को निलंबित करने की संस्तुति की गई है। नई जोनल अधिकारी की तैनाती भी कर दी गई है। यदि कोई काम नहीं करेगा और अनुशासनहीनता भी करेगा तो इसे कैसे सहन किया जाएगा। इसका प्रभाव अन्य कर्मचारियों और अफसरों पर भी पड़ेगा।